एआई के साथ प्रमाणिक स्त्रोतों से भी अपनी जानकारी पुख्ता करें: राठौड़

 

0 प्रगति कॉलेज में “जनसंचार में एआई का महत्व” विषय पर हुआ सेमिनार

रायपुर। राजधानी रायपुर में चौबे कॉलोनी स्थित प्रगति कॉलेज में सोमवार को “जनसंचार में एआई (आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस) का महत्व” विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में
छत्तीसगढ़ जनसंपर्क के अपर संचालक धनंजय सिंह राठौड़ मुख्य वक्ता थे। इस मौके पर श्री राठौड़ ने अपने उद्बोधन में कहा कि एआई के सीमित उपयोग एवं स्वविवेक से तकनीकी के साथ समन्वय कर हम विकास के पथ पर आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने कई उदाहरणों के माध्यम से अपने अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि कैसे एआई समाचार लेखन, डेटा विश्लेषण, दर्शक जुड़ाव एवं सरकारी जनसम्पर्क अभियानों को तेज एवं प्रभावी बना रहा है।
श्री राठौड़ ने आगे कहा कि एआई द्वारा दी गई जानकारी को पूर्ण सत्य न मानकर प्रमाणिक स्त्रोतों से अपनी जानकारी को पुख्ता करें। एआई के प्रयोग में भाषा का विशेष महत्व है। ऐसे में इसका उपयोग करते समय सावधानी बरतनी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान श्री राठौड़ ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब दिए और उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया।


इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा एवं दीप प्रज्वल्लन कर किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सौम्या नैयर ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस अब केवल तकनीक नहीं बल्कि संचार का आयाम बन चुका है, उन्होंने कहा कि बदलते मीडिया परिदृश्य को देखते हुए उन्हें तैयार रहना है। एआई को समझकर हम भविष्य की पत्रकारिता एवं जनसम्पर्क में अग्रणी रह सकते हैं। उन्होंने एआई को गहराई से जानने तथा उसके महत्व को समझने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. प्रवीण कुमार यादव ने सेमिनार के विषय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एआई का क्षेत्र अत्यंत व्यापक है। उन्होंने उसका उपयोग सावधानी से करने के लिए विद्यार्थियों को सलाह दी।

कार्यक्रम के अंत में छत्तीसगढ़ जनसंपर्क के अपर संचालक धनंजय सिंह राठौड़ को स्मृति चिन्ह शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. के. एन. गजपाल और पत्रकारिता विभाग के प्राध्यापक संजीव वर्मा द्वारा प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन कु. स्वालेहा निसा ने और धन्यवाद ज्ञापन जनसंचार विभाग के प्राध्यापक कुमार बहुखण्डी ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सौम्या नैयर, शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. के. एन. गजपाल, जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. प्रवीण कुमार यादव, एडमिनिस्टेटर मिस ज्योति ठाकुर तथा जनसंचार विभाग और शिक्षा विभाग के समस्त प्राध्यापकगण तथा विद्यार्थी उपस्थित थे।