कांग्रेस के जिलाध्यक्षों की बैठक में एक सप्ताह के अंदर बूथों के गठन के निर्देश

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में बुधवार को जिलाध्यक्षों और बूथ कमेटी के जिला प्रभारियों की बैठक संपन्न हुई। बैठक में दो प्रस्ताव भी पारित किए गए। पहले निंदा प्रस्ताव और दूसरा शोक प्रस्ताव। यह बैठक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की अध्यक्षता और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व मंत्री रविन्द्र चौबे, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू की उपस्थिति में राजीव भवन में संपन्न हुई। बैठक में जिला, ब्लाक एवं मंडल कमेटी की गठन की समीक्षा, पंचायत विलेज एवं बूथ कमेटी गठन की समीक्षा, मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत सम्पन्न कार्यक्रम की समीक्षा, जिलाध्यक्षों के पिछले 4 माह की कार्यो की समीक्षा, जिला स्तरीय मुद्दों पर चर्चा एवं समीक्षा पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने एक-एक जिले में कार्यकारिणी, ब्लाक कार्यकारिणी, मंडल कार्यकारिणी एवं बूथ कमेटी के गठन प्रक्रिया की समीक्षा किया तथा जिन जिलों में बूथ कमेटियों का गठन पूर्ण नहीं हुआ उन सभी जगह में एक सप्ताह के अंदर बूथो के गठन को पूरा करने का निर्देश दिया गया।

*बैठक में दो प्रस्ताव भी पारित*

निंदा प्रस्ताव – असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जी एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी के संबंध में जिस तरह से अभद्र अपमान जनक भाषा का इस्तेमाल किया है, वह अत्यंत शर्मनाक और अस्वीकार है। खड़गे जी देश के वरिष्ठतम नेताओं में से एक है। वे न सिर्फ कांग्रेस के बल्कि देश के दलितो, वंचितो के प्रबुद्ध जनप्रतिनिधि है। राहुल गांधी जी देश के आम आदमी की आवाज है। भाजपा नेता हिमंता बिस्वा सरमा ने सिर्फ खड़गे जी एवं राहुल गांधी जी ही नहीं भारत के करोड़ो लोगो का अपमान किया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी हिमंता बिस्वा सरमा के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित करती है।

शोक प्रस्ताव- कांग्रेस की वरिष्ठ नेता पूर्व केन्द्रीय मंत्री मोहसिना किदवई का दुखद निधन हो गया है। मोहसिना किदवई लोकसभा तथा राज्यसभा की अनेकों बार सदस्य रही है, वे छत्तीसगढ़ से भी राज्यसभा की सदस्य रही है। वे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव भी रही है। देश के लिये और कांग्रेस पार्टी के लिये उनकी सेवाएं अमूल्य थी। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी उन्हें भावभिनी श्रद्धांजलि अर्पित करती है।