रीवा- रायपुर को विमान सेवा का कल  17 मार्च को रीवा एयरपोर्ट से शुभारंभ

रीवा। छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के विंध्य क्षेत्र को आकाश मार्ग से सीधे जोड़ने वाली महत्वकांक्षी विमान सेवा कल 17 मार्च से प्रारंभ हो रही हैं। प्रशासनिक सूत्रों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ला द्वारा 17 मार्च 2026 को शाम पांच बजे रीवा एयरपोर्ट से एयर एलायंस की इस विमान सेवा का शुभारंभ किया जाएगा। मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ला स्वयं भी रीवा से छत्तीसगढ़ के रायपुर को उड़ान भरने वाली इस विमान सेवा के पहले यात्री बनेंगे।
उल्लेखनीय है कि रीवा से रायपुर को उड़ान भरने वाली इस महत्वकांक्षी विमान सेवा के प्रारंभ होने से विंध्य और छत्तीसगढ़ के आकाश मार्ग जहां एक ओर एक हो जाएंगे वहीं दूसरी ओर रायपुर से रीवा की यात्रा करने वाले नागरिको को सड़क और रेल मार्ग की थकान भरी यात्रा से राहत मिलेगी। वह कम समय में ही रायपुर से रीवा और रीवा से रायपुर की यात्रा सुविधाजनक तय कर सकेंगे। छत्तीसगढ़ और विंध्य के पर्यटन विकास को भी एक नई गति मिलेगी सो अलग ही।