
* कृषि पंपों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने दिए निर्देश
रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक श्री भीम सिंह कंवर ने कहा है कि प्रदेश के शासकीय कार्यालयों में बकाया बिजली बिल की वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक बैठक कर बकाया वसूली के संबंध में दिशा निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिला एवं कंपनी के संभागीय कार्यालयवार शासकीय कार्यालयों के बकाया संबंधी जानकारी एकत्र कर एक सप्ताह के भीतर समीक्षा पूर्ण करें। इसके अतिरिक्त उन्होंने अवैध कनेक्शन लेने वाले घरेलू एवं व्यवसायिक उपभोक्ताओं की भी जानकारी एकत्र करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि अभियान चला कर बकाया राशि की वसूली की जाए।
वर्तमान में रबी फसल के लिए कृषि सिंचाई पंप की बढ़ती विद्युत मांग को देखते हुए संवेदनशीलता से इन मामलों में निर्णय लेने के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने कहा कि कृषि पंपों को बिजली आपूर्ति निर्बाध रूप से होती रहे इसके लिए प्राथमिकता के आधार पर कैपेसिटर बैंक लगाए जाएं एवं सभी उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए । बढ़ती गर्मी के साथ ही विद्युत मांग में संभावित बढ़ोतरी को देखते हुए मैदानी अमले द्वारा प्राथमिकता से रखरखाव सुनिश्चित किए जाने के भी निर्देश दिए हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यपालक निदेशक राजस्व श्री सहदेव ठाकुर, कार्यपालक निदेशक संचारण एवं संधारण श्री जे एस नेताम समेत सभी क्षेत्रीय कार्यालयों के कार्यपालक निदेशक एवं मुख्य अभियंता शामिल हुए।
