नई दिल्ली। भारतीय टीम के धाकड़ बल्लेबाज रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का निधन हो गया। उन्होंने ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से स्टेज-4 लीवर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां वे काफी समय से गंभीर अवस्था में थे।
इस दुखद खबर के बाद क्रिकेट जगत में शोक की लहर है। पूर्व दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक व्यक्त करते हुए रिंकू और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं। उन्होंने लिखा कि यह रिंकू और उनके परिवार के लिए बेहद कठिन समय है, खासकर तब जब वे वर्ल्ड कप की जिम्मेदारियों में व्यस्त हैं।
प्रैक्टिस छोड़ तुरंत पहुंचे थे घर
पिता की नाजुक हालत की सूचना मिलते ही रिंकू टीम का साथ छोड़कर तुरंत घर रवाना हो गए थे। उस दौरान टीम टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों में एम ए चिदंबरम स्टेडियम में अभ्यास कर रही थी। रिंकू प्रैक्टिस सेशन में नजर नहीं आए थे, जिसके बाद उनके घर लौटने की जानकारी सामने आई थी।हालांकि वे मैच की पूर्व संध्या पर दोबारा टीम से जुड़ गए थे, लेकिन उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला और उनकी जगह संजू सैमसन को टीम में शामिल किया गया।
अंतिम संस्कार के लिए फिर लौटे घर
पिता के निधन की खबर के बाद रिंकू एक बार फिर टीम से अलग होकर अंतिम संस्कार की रस्मों के लिए घर लौट गए हैं। बीसीसीआई और टीम प्रबंधन ने इस कठिन समय में उन्हें पूरा समर्थन दिया है। फिलहाल उनकी टीम में वापसी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। टीम इंडिया का पूरा ध्यान इस समय रिंकू को मानसिक रूप से मजबूत बनाए रखने पर है, ताकि वे इस गहरे व्यक्तिगत दुख से उबर सकें।
