
0 नक्सल नेटवर्क तोड़ने, गांवों में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर हुई चर्चा
रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में रविवार को वामपंथी उग्रवाद को लेकर उच्च स्तरीय बैठक हुई । इस बैठक में एक बार फिर नक्सलवाद के खात्मे की बात दोहराई गई। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा केन्द्रीय गृह सचिव, आसूचना ब्यूरो (आईबी ) के निदेशक, गृह मंत्रालय के विशेष सचिव (आंतरिक सुरक्षा), केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, सीमा सुरक्षा बल, आईटीबीपी के अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय जांच एजेंसी के महानिदेशक मौजूद रहे। बैठक में आदिवासी संभाग बनाने पर भी चर्चा हुई। बैठक में नक्सल नेटवर्क तोड़ने, नक्सलियों का आत्मसमर्पण बढ़ाने, प्रभावित इलाकों में विकास कार्य और इंफ्रास्ट्रक्चर पर चर्चा की गई । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्विटर हैंडल एक्स पर ट्वीट करते हुए बैठक से संबंधित जानकारी थी, उन्होंने ने बताया कि रायपुर में छत्तीसगढ़ सरकार व अधिकारियों के साथ नक्सल विरोधी अभियानों की समीक्षा बैठक की। सिक्योरिटी सेंट्रिक स्ट्रेटजी, इंफ्रास्ट्रक्चर, नक्सल फाइनेंशियल नेटवर्क पर प्रहार व आत्मसमर्पण नीति के सकारात्मक परिणाम आए हैं और इस 31 मार्च से पहले नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि
छत्तीसगढ़ जो कभी नक्सली हिंसा का गढ़ था, भाजपा की डबल इंजन सरकार में विकास का पर्याय बन चुका है। यहाँ के युवा स्पोर्ट्स, फॉरेंसिक व टेक्निकल एजुकेशन को गति देते हुए अपनी संस्कृति व परंपराओं को भी सहेज रहे हैं।
नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक प्रगति का संकेत: साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर में आयोजित हाई लेवल बैठक से संबंधित जानकारी ट्विटर हैंडल पर साझा की, उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में एलडब्ल्यूई की सुरक्षा समीक्षा बैठक की। जो नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक प्रगति का सशक्त संकेत है। डबल इंजन सरकार की सटीक सुरक्षा-केंद्रित रणनीति, सुदृढ़ आधारभूत संरचना, नक्सल फाइनेंशियल नेटवर्क पर कड़ा प्रहार तथा प्रभावी आत्मसमर्पण नीति के सकारात्मक परिणाम छत्तीसगढ़ सहित सभी प्रदेशों में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और सशक्त मार्गदर्शन में हम 31 मार्च तक छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त बनाने के अपने संकल्प को सिद्ध करने की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ तीव्र गति से अग्रसर हैं।
*31 मार्च से पहले रणनीतिक दृष्टिकोण से अंतिम बड़ी बैठक: विजय शर्मा
नक्सलवाद के खात्मे को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नया रायपुर में हाई-लेवल बैठक की। रविवार 12:00 बजे के करीब बैठक शुरू हुई। जो देर शाम तक चली।
इस बैठक में वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। जिसमें वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति और आगे की रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक को लेकर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि 31 मार्च 2026 से पहले पूरी जानकारी और रणनीतिक दृष्टिकोण के साथ यह अंतिम बड़ी बैठक मानी जा रही है। उन्होंने बताया कि चर्चा के दो प्रमुख आयाम हैं—पहला, बस्तर क्षेत्र में सशस्त्र नक्सलवाद के पूर्ण अंत की दिशा में ठोस कार्ययोजना और दूसरा, लंबे समय से रुके विकास कार्यों को गति देकर स्थानीय लोगों के लिए आजीविका और बुनियादी ढांचे के अवसर बढ़ाना।
*विकास और सुरक्षा पर विशेष ध्यान*
बैठक में यह भी विचार किया गया कि सुरक्षा अभियानों के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को कैसे मजबूत किया जाए। अधिकारियों के अनुसार, टिकाऊ शांति तभी संभव है जब सुरक्षा उपायों के साथ सामाजिक-आर्थिक प्रगति को भी समान प्राथमिकता दी जाए।
