बीजापुर और सुकमा जिले में एक करोड़ 61 लाख रूपये के 51  माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण 

जगदलपुर। बीजापुर और सुकमा जिले में आज इंक्यावन माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। इन माओवादियों पर कुल एक करोड़ इकसठ लाख रूपये का इनाम घोषित था।
मिली जानकारी के अनुसार बीजापुर जिले में दक्षिण सब जोनल ब्यूरो के बीस महिला सहित तीस माओवादियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल-सीआरपीएफ के उप पुलिस महानिरीक्षक बी.एस. नेगी और जिले के पुलिस अधीक्षक डॉक्टर जितेन्द्र कुमार यादव के समक्ष समाज की मुख्यधारा में शामिल होने का फैसला लिया। इनमें एसीएम, डीएकेएमएस और केएएमएस तथा जनताना सरकार के अध्यक्ष शामिल हैं। इन माओवादियों पर पचासी लाख रूपये का इनाम घोषित था।
वहीं, सुकमा जिले में छिहत्तर लाख रूपये के इनामी इक्कीस माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। इन माओवादियों ने बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. और जिले के पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण तथा सीआरपीएफ के डीआईजी आनंद सिंह राजपुरोहित के समक्ष आत्मसमर्पण किया। इस दौरान इन माओवादियों ने एके-फोर्टी सेवन, एसएलआर और बैरेल ग्रेनेड लॉन्चर सहित अन्य ऑटोमैटिक हथियार भी सौंपे। आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों को राज्य सरकार की पुनर्वास योजना के तहत प्रोत्साहन स्वरूप पचास-पचास हजार रूपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
उधर, कांकेर जिले में सुरक्षा बलों की टीम ने नारायणपुर की सीमा पर परतापुर थाना क्षेत्र के मुरूलनापा जंगल में माओवादियों द्वारा लगाए गए दो प्रेशर कूकर और एक बीयर बाटल आईईडी बरामद किया है, जिसे बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया।