गरियाबंद के दुतकैयां गांव में हिंसक झड़प के बाद तनाव, भारी पुलिस बल तैनात, तीन आरोपी गिरफ्तार

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के दुतकैयां गांव में 1 फरवरी की रात दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई। इस दौरान कई घरों और वाहनों में आग लगा दी गई। झड़प के बाद गांव में तनाव का माहौल बना रहा और पूरा इलाका छावनी जैसा नजर आया। कर्फ्यू जैसे हालात के बीच भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। जानकारी के अनुसार, झड़प पुराने विवाद के चलते हुई। एक पक्ष के आरोपी हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आए थे और उन्होंने मामले में गवाही देने वालों पर हमला किया। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों पर हमला किया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान उपद्रवियों ने कई घरों और वाहनों में आग लगा दी। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए आईजी अमरेश मिश्रा मौके पर पहुंचे और झड़प को काबू में किया। पुलिस ने कल रात ही इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही पूरे गांव में पुलिस बल के साथ फायर ब्रिगेड की टीम भी तैनात है। गांव में फिलहाल पुलिस का पूर्ण नियंत्रण है और प्रशासन शांति बहाल करने में जुटा हुआ है। रायपुर से अतिरिक्त फोर्स भी मौके पर पहुंचाई गई है।

*राजिम विवाद पर सीएम साय का सख्त रुख, दोषियों पर कार्रवाई के संकेत*

राजिम में दो पक्षों के बीच हुई झड़प को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में है और पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।