0 वंदे मातरम् की 150 वीं वर्षगांठ पर बनेगा कीर्तिमान
0 पिक्चर पोस्टकार्ड जारी करेगा डाक परिमंडल
रायपुर । सेना दिवस पर 15 जनवरी को रायपुर लोकसभा क्षेत्र के 3000 स्कूल-कॉलेजो के 5 लाख विद्यार्थियों के साथ विधायक, पार्षद और पंच-सरपंच वंदे मातरम् का गान करेंगे ।
मुख्य कार्यक्रम सुभाष स्टेडियम में होगा, जहाँ 20 हज़ार युवा एक साथ वंदे मातरम् का गान करेंगे । इस दौरान डाक परिमंडल द्वारा वंदे मातरम् की 150 वीं वर्षगांठ पर आधारित पिक्चर पोस्टकार्ड जारी किया जाएगा । कार्यक्रम की तैयारी जोरों से चल रही है। इस संबंध में 13 जनवरी को महत्वपूर्ण बैठक रखी गई है ।
रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि रायपुर लोकसभा के अंतर्गत आने वाले सभी विधायक, पार्षद, जिला पंचायत के सदस्य, पंच-सरपंच अपने नजदीक के स्कूल- कॉलेज के कार्यक्रम में सहभागी बनेंगे । साथ ही स्वतंत्रता संग्राम में वंदे मातरम् के योगदान और महत्ता पर वाचन भी किया जाएगा। इस अवसर पर सम्पूर्ण वंदे मातरम् का गान किया जाएगा ।
उन्होंने बताया कि सुभाष स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में विभिन्न स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएँगे। सर्वश्रेष्ठ 3 सांस्कृतिक प्रोग्राम को पुरस्कृत भी किया जाएगा ।
कार्यक्रम की तैयारी के लिए एनएसएस, एनसीसी, स्कूल शिक्षा विभाग, रविशंकर शुक्ल विवि, आयुष विवि तकनीकी विवि और कृषि विवि द्वारा अपने-अपने स्कूल कॉलेजों ने नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई गई ।
इस संबंध में सांसद श्री अग्रवाल ने 13 जनवरी को रात्रि 8 बजे नगर निगम, जिला पंचायत के पदाधिकारी समेत जोन अध्यक्षों, पार्षदों जी बैठक बुलाई है ।
