
कोरबा। जिले में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब कटघोरा जनपद पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष व वर्तमान जनपद सदस्य, भाजपा नेता एवं ठेकेदार अक्षय गर्ग की दिनदहाड़े धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। वारदात जटगा पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केसलपुर में हुई, जहां वे सड़क निर्माण कार्य के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, सुबह अक्षय गर्ग ग्राम केसलपुर में अपनी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्य स्थल पर मौजूद थे। इसी दौरान कार से पहुंचे चार अज्ञात हमलावरों ने अचानक अक्षय गर्ग पर हमला कर दिया और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। वहीं बिलासपुर रेंज के आईजी डॉ संजीव शुक्ल ने भी घटनास्थल पहुंचकर स्थानीय लोगों से बातचीत की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात, नाकेबंदी कर दी गई है और पुलिस कैंप लगाकर हर एंगल से जांच की जा रही है। हत्या के पीछे व्यवसायिक प्रतिस्पर्धा को भी एक संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। भाजपा नेता की हत्या की खबर से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में आक्रोश है, वहीं पूरे जिले में भय और असंतोष का माहौल बना हुआ है। पुलिस फरार हमलावरों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। वही कटघोरा के व्यवसायिक प्रतिष्ठान दिन भर बंद रहे, कल सुबह 10 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा।
भाजपा नेता अक्षय गर्ग की निर्मम हत्या, अज्ञात कार सवार बदमाश फरार
