राजधानी सहित प्रदेशभर में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट उत्साह के साथ मनाया गया

0 मुख्यमंत्री साय ने की गोवर्धन पूजा, प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की

रायपुर। राजधानी रायपुर सहित प्रदेशभर में बुधवार को गोवर्धन पूजा और अन्नकूट का त्यौहार उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। आज के दिन गौ-माता की पूजा की गई और उसे खिचड़ी का भोग अर्पित किया गया। साथ ही सोहाई बांध कर गौवंश की रक्षा की प्रार्थना की गई। राजधानी रायपुर के प्राचीन दूधाधारी मठ में भी अन्नकूट और गोवर्धन पूजा का कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश के अन्य जिलों से भी अन्नकूट और गोवर्धन पूजा का पर्व मनाए जाने के समाचार मिले हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय, बगिया (जशपुर) में सपरिवार गोवर्धन पूजा कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की माता जसमनी देवी साय, धर्मपत्नी कौशल्या साय एवं परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि गोवर्धन पूजा भगवान श्रीकृष्ण की उस प्रेरणादायी लीला की स्मृति है, जिसमें उन्होंने गोकुलवासियों को प्रलयकारी वर्षा और संकट से बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठा उंगली पर उठाकर सभी को शरण दी थी। यह पर्व हमें बताता है कि जब समाज एकजुट होकर विश्वास और सहयोग के साथ कार्य करता है, तब कोई भी संकट अजेय नहीं रहता। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि कृतज्ञता, सह-अस्तित्व और प्रकृति-पूजन का प्रतीक है। इस दिन गोवंश की पूजा की जाती है, जो भारतीय संस्कृति की आत्मा — गौ-संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण — को जीवंत रखती है।
इस बीच, आज प्रदेश के कई स्थानों पर गौरा-गौरी शोभा यात्रा निकाली गई। पंडित नारायण वैष्णव ने बताया कि भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह के प्रतीक के रूप में गौरा-गौरी का पर्व मनाया जाता है।
वहीं, प्रदेशभर में यादव समाज के लोगों द्वारा घर-घर जाकर राउत नाचा के माध्यम से अपनी खुशी का इजहार किया गया।
गौरतलब है कि प्रदेश में कल भाईदूज और मातर का पर्व मनाया जाएगा।