रायपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि इस दीपावली पर स्थानीय उत्पादों को अपनाते हुए ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को मजबूती दें। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त होगी, बल्कि महिलाओं की आत्मनिर्भरता भी सुनिश्चित होगी।
इसी दिशा में बैकुंठपुर जनपद अंतर्गत ‘उन्नति महिला संकुल संगठन’ एवं ‘देशभक्ति महिला संकुल संगठन’ से जुड़ी स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने दीपावली त्यौहार के लिए विभिन्न रंगों से सजे आकर्षक मिट्टी के दीपक, डिजाइनर दीये, सजावटी झूमर, ‘शुभ-लाभ’ स्टीकर और अन्य घरेलू सजावट सामग्री तैयार की है।
दीपावली पर्व के लिए तैयार किए गए इन हस्तनिर्मित सजावटी उत्पादों की बिक्री के लिए बैकुंठपुर के मुख्य बाजार में विशेष स्टॉल लगाए गए हैं। स्थानीय नागरिक उत्साहपूर्वक इन स्टॉलों से खरीदारी कर रहे हैं और दीदियों की मेहनत को प्रोत्साहित कर रहे हैं।
‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को साकार करते हुए जिले के स्व-सहायता समूहों की महिलाएं आज आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रही हैं। उनके द्वारा तैयार किए गए उत्पाद न केवल घरों को रोशन करेंगे, बल्कि उनकी आर्थिक स्थिति को भी मजबूत बनाएंगे।
प्रशासन ने भी आम नागरिकों से स्थानीय उत्पादों की खरीद को प्राथमिकता देने और ‘स्वदेशी अभियान’ में सहभागी बनने की अपील की है, ताकि हर घर की रौशनी में कोरिया की दीदियों की मेहनत और हुनर की चमक दिखाई दे।