जीएसटी सुधारों को लेकर मोदी ने किया देश को किया संबोधित, कहा- हम नागरिक देवो भव: के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहे हैं

0 त्योहारों के इस मौसम में सबका मुंह मीठा होगा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीएसटी सुधारों को लेकर रविवार को देश को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि दुकानदार भाई-बहन जीएसटी सुधार को लेकर उत्साह में है। वे इसके फायदों को ग्राहकों को पहुंचाने में जुटे हैं। हम नागरिक देवो भव: के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहे हैं। साथ ही पीएम ने देशवासियों को नेक्सट जेनरेशन जीएसटी सुधारों के लागू होने की जानकारी दी। साथ ही कहा कि यह कदम नागरिकों के जीवन में सरलता और बचत लाएगा।
उन्होंने कहा त्योहारों के इस मौसम में सबका मुंह मीठा होगा। देश के हर परिवार की खुशियां बढ़ेंगी… मैं अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों और बचत उत्सव के लिए देश भर के लाखों परिवारों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। ये सुधार भारत की विकास गाथा को गति देंगे, व्यापार को सरल बनाएंगे, निवेश को अधिक आकर्षक बनाएंगे और विकास की दौड़ में हर राज्य को समान भागीदार बनाएंगे।
पीएम मोदी ने यह भी बताया कि पिछले 11 वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोगों ने गरीबी को मात दी है और नए मिडिल क्लास समूह ने देश की अर्थव्यवस्था में बड़ी भूमिका निभाई है। सरकार ने इस साल 12 लाख रुपये तक की आय पर टैक्स को शून्य कर दिया है, जिससे मध्यम वर्ग के लिए काफी राहत मिली है। अब जीएसटी में कमी के कारण घर, वाहन और यात्रा पर खर्च कम होगा और नागरिकों के सपनों को पूरा करना आसान होगा। पीएम मोदी ने कहा कि जीएसटी सुधार से कारोबार और निवेश दोनों आसान होंगे। यह बदलाव भारत की ग्रोथ स्टोरी को आगे बढ़ाएगा। इस दौरान उन्होंने याद दिलाया कि 2017 में जीएसटी लागू होने के समय देश में दर्जनों अलग-अलग टैक्स थे, जैसे कि एंट्री टैक्स, सेल्स टैक्स, एक्साइज, वैट, सर्विस टैक्स आदि। नए सुधार इन जालों को सरल बनाएंगे और व्यापारियों को राहत देंगे।

देश के हर वर्ग को फायदा

प्रधानमंत्री ने कहा कि नए जीएसटी सुधारों से गरीब, मध्यम वर्ग, न्यू मिडिल क्लास, युवा, किसान, महिलाएं, दुकानदार और व्यापारी सभी को लाभ मिलेगा। त्योहारों के इस मौसम में इस बचत उत्सव से लोगों के चेहरे पर मुस्कान आएगी। होटल, यात्रा, वाहन और सामान की खरीद पर कम जीएसटी होने से आम जनता की जेब पर बोझ कम होगा।

लागू होने की तारीख और महत्व

प्रधानमंत्री ने बताया कि ये सुधार कल यानी 22 सितंबर, नवरात्रि के पहले दिन सूर्योदय के साथ लागू होंगे। इस सुधार के साथ ही देश में जीएसटी बचत उत्सव शुरू होगा। पीएम ने सभी नागरिकों को इस सुधार के लाभ लेने और खरीदारी को आसान बनाने का संदेश दिया। उन्होंने इसे देश के विकास और आर्थिक समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।

मेड इन इंडिया पर दें जोर, स्वदेशी पर गर्व

उन्होंने जीएसटी की दरें कम होने से नियम और प्रक्रियाएं और आसान बनने से हमारे एमएसएमई, हमारे लघु, कुटीर उद्योगों को बहुत फायदा होगा। उनकी बिक्री बढ़ेगी और टैक्स भी कम देना पड़ेगा। यानी उनको भी डबल फायदा होगा। इसलिए आज मेरी एमएसएमई से, चाहे लघु हों या सूक्ष्म या कुटीर, आप सबसे बहुत अपेक्षाएं हैं। आपको भी पता है कि जब भारत समृद्धि के शिखर पर था, तब अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार हमारे लघु-कुटीर उद्योग थे। भारत की मैन्युफैक्चरिंग और क्वालिटी बेहतर होती थी। हमें उस गौरव को वापस पाना है। जो हमारे उद्योग बनाएं वो दुनिया में उत्तम से उत्तम हों। जो हम बनाएं वो दुनिया में बेस्ट के पैरामीटर को पार करने वाला हो। हमारे उत्पाद दुनिया में भारत का गौरव बढ़ाएं।