0 छत्तीसगढ़ को अतिवृष्टि और बाढ़ में मदद करना हमारा दायित्व : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
0 मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया को जारी संदेश में दी जानकारी
0 छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने दिया धन्यवाद
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छत्तीसगढ़ में अतिवृष्टि और बाढ़ से निर्मित स्थिति के संदर्भ में कहा है कि पड़ोसी राज्य की मदद हमारा दायित्व है। मध्यप्रदेश सरकार की ओर से मदद की भावना से 5 करोड रुपए की राशि और एक ट्रेन राहत सामग्री, छत्तीसगढ़ भेजी जा रही है। छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा सहित कई क्षेत्रों में बाढ़ से बहुत क्षति हुई है। छत्तीसगढ़ सरकार प्रभावित क्षेत्रों में नागरिकों की सहायता के लिए जिस तत्परता से कार्य कर रही है, वह सराहनीय है। मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश के आसपास के हालातों पर लगातार निगाह रख रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल के राजकीय विमान तल से मीडिया के लिए जारी संदेश में यह बात कही।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सभी सरकारें परस्पर समन्वय और सहानुभूति के भाव से कठिनाई और परेशानी के समय में साथ-साथ हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को आश्वस्त किया कि मध्यप्रदेश सरकार सदैव उनके साथ है। मध्यप्रदेश की ओर से भविष्य में भी छत्तीसगढ़ को आवश्यकतानुसार सहायता और राहत उपलब्ध कराई जाएगी।
*आपके इस सौजन्य के लिए हृदय से धन्यवाद मोहन यादव जी*
इधर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मध्य प्रदेश सरकार द्वारा दी गई सहायता के लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को धन्यवाद दिया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है कि मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ न केवल पड़ोसी राज्य हैं, अपितु आत्मीय बंधन से जुड़े परिवार की तरह हैं। आपदा की घड़ी में आपका यह सहयोग निश्चित ही बस्तर संभाग के हमारे प्रभावित जनों को संबल प्रदान करेगा। पुनः धन्यवाद।