रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जापान और दक्षिण कोरिया के दौरे पर रवाना हो गए हैं। उनके साथ प्रवास पर जाने वालों में वरिष्ठ अधिकारीगण भी शामिल है। मुख्यमंत्री साय 31 अगस्त को रायपुर लौटेंगे। श्री साय आज सुबह नियमित विमान से दिल्ली गए हैं जहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मिलेंगे और देर शाम विदेश के लिए रवाना होंगे। इस बीच विमानतल पर सहयोगी मंत्रियों व पार्टी नेताओं ने उन्हे बुके भेंटकर यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी। वे इन्वेस्टमेंट, इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट और रोजगार पैदा करने के उपायों पर विदेशी प्रतिनिधियों से चर्चा कर सकते है। बताया गया है कि, इस प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जापान के ओसाका में विश्व एक्सपो में बड़े और नामी इंडस्ट्रियलिस्ट से भी भेंट कर उनसे चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री नियुक्त होने के बाद यह सीएम साय का पहला विदेश दौरा है ।
विदेश प्रवास प्रदेश में निवेश और रोजगार सृजन की दिशा में नए अवसरों के द्वार खोलेगी: साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर में शुभकामनाएं देने पहुँचे सहयोगी कैबिनेट मंत्री श्री राम विचार नेताम जी, श्री टंकराम वर्मा जी, श्री गजेंद्र यादव जी, गुरु खुशवंत साहेब जी एवं विधायक श्री पुरंदर मिश्रा जी का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ नई औद्योगिक नीति के साथ तेजी से औद्योगिक विकास व निवेश का केंद्र बन रहा है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सबके स्नेह और मंगलकामनाओं से यह प्रवास निश्चित ही प्रदेश में निवेश और रोजगार सृजन की दिशा में नए अवसरों के द्वार खोलेगी।
