0 ईडी के खिलाफ हल्लाा बोल, चक्का जाम
रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल पर की गई कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने मंगलवार को राज्यव्यापी ‘आर्थिक नाकेबंदी’ करते हुए सभी 33 जिलों में चक्का जाम कर दिया। सरगुजा, बस्तर, दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर संभागों में सुबह से ही कांग्रेस कार्यकर्ता सडक़ों पर उतर आए। सरगुजा में कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक विरोध के तहत ‘रघुपति राघव राजा राम’ भजन गाया। वहीं, रायपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरसींवा के राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर दो घंटे तक चक्का जाम किया। दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान रायपुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कांग्रेसी नेताओं ने नेशनल हाइवे, वीआईपी चौक तेलीबांधा में प्रदर्शन किया है। इस दौरान कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के चलते ट्रैफिक व्यवस्था चौपट रही ओर लोग परेशान हुए। सडक़ पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई थी। भिलाई, दुर्ग और राजनांदगांव में मुंबई कोलकाता हाईवे जाम किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा ईडी, सीबीआई, अडानी भगाओ, राज्य बचाओ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। बिलासपुर में कांग्रेस ने नेशनल हाईवे जाम करके प्रदर्शन किया। बिलासपुर-रायपुर मार्ग बाधित किया। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, विधायक अटल श्रीवास्तव, दिलीप लहरिया सहित बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी आंदोलन में शामिल हुए। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
यातायात बाधित, एम्बुलेंस फंसी, यात्री बेहाल
कांग्रेस के चक्का जाम के कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शन के दौरान कई एम्बुलेंस भी ट्रैफिक में फंस गईं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को गंभीर समस्या का सामना करना पड़ा। यात्री बसों में बैठे लोग और निजी वाहनों से यात्रा कर रहे राहगीर भी इस अचानक हुए चक्का जाम से बड़ी परेशानी में दिखे। यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में काफी देरी हुई और उन्हें भीषण उमस व गर्मी में इंतजार करना पड़ा।

भाजपा बौखला गई, कांग्रेस डरने वाली नहीं
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि यह ईडी की कार्रवाई नहीं है, यह भाजपा की बौखलाहट है। भाजपा जानती है कि वह लोकतांत्रिक तरीके से कांग्रेस का मुकाबला नहीं कर सकती, इसलिए वह ईडी और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने आगे कहा, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके परिवार, विशेषकर उनके पुत्र चैतन्य बघेल को जानबूझकर और राजनीतिक विद्वेष के चलते निशाना बनाया जा रहा है। उनके खिलाफ एक भी पुख्ता सबूत नहीं है, यह सब केवल कांग्रेस को कमजोर करने की साजिश है। बैज ने कहा कांग्रेस ऐसी दमनकारी कार्रवाई से डरने वाली नहीं है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, यह लोकतंत्र पर हमला है, लेकिन हम पीछे हटने वाले नहीं हैं। कांग्रेस हर मोर्चे पर भाजपा और उसकी कठपुतली एजेंसियों का मुकाबला करेगी।

कांग्रेस की आर्थिक नाकेबंदी फ्लॉप
कांग्रेस की आर्थिक नाकेबंदी पर एकात्म परिसर में भाजपा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पर निशाना साधा. उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा, कांग्रेस की आर्थिक नाकेबंदी फ्लाप रही. आर्थिक नाकेबंदी को छत्तीसगढ़ की जनता ने नकार दिया है. भ्रष्टाचारियों का जनता समर्थन नहीं करती है. ये दिवालियापन का इससे बड़ा उदाहरण नहीं हो सकता. डिप्टी सीएम साव ने कहा, कांग्रेस पार्टी ने आरोपी के समर्थन में नाकेबंदी की. पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल पर 1000 करोड़ का हेराफेरी करने का आरोप है. वह कांग्रेस पार्टी का पदाधिकारी नहीं है और उसके साथ पार्टी खड़ी है. दूसरे नेता जेल गए, उसकी समर्थन में ऐसा प्रदर्शन नहीं हुआ. साव ने कहा, आर्थिक अपराध करने वाले आर्थिक नाकेबंदी कर रहे हैं. आर्थिक नाकेबंदी पूरी तरीके से फ्लॉप रहा. भ्रष्टाचार के पक्ष में हमेशा कांग्रेस पार्टी खड़ी हुई दिखती है. कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को भ्रष्टाचार का घर बनाकर देश में छत्तीसगढ़ को बदनाम किया. अपराध खुद कर रहे हैं और सजा छत्तीसगढ़ की जनता को दे रहे हैं.
