नई दिल्ली / इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रेंचाइजी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) 21 अगस्त को दुबई पहुंची। आईपीएल का 13वां सीजन युनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) में खेला जाना है और सभी टीमें इसकी तैयारियों में जुटी हुई हैं। आरसीबी के क्रिकेटर्स और सपोर्ट स्टाफ 21 अगस्त को बेंगलुरु से दुबई के लिए चार्टर्ड प्लेन में रवाना हुआ, लेकिन कप्तान विराट कोहली उसमें मौजूद नहीं थे। विराट अलग चार्टर्ड प्लेन से दुबई पहुंचे। चलिए आपको बताते हैं कि क्यों विराट बाकी टीम के खिलाड़ियों के साथ दुबई के लिए रवाना नहीं हुए।
विराट पिछले पांच महीने से सेल्फ आइसोलेशन में हैं, मुंबई मिरर की रिपोर्ट्स के मुताबिक यही वजह है कि वो मुंबई से बेंगलोर नहीं गए और मुंबई से डायरेक्ट दुबई के लिए रवाना हुए। मुंबई मिरर के मुताबिक विराट ने प्राइवेट चार्टर्ड प्लेन बायो सेफ्टी कारणों से ली। विराट पांच महीने से मुंबई में अनुष्का शर्मा के साथ अपने घर में सेल्फ आइसोलेशन में रहे हैं और वो बेंगलुरु तक ट्रैवल करके कोई रिस्क नहीं लेना चाहते थे। एक सूत्र ने मुंबई मिरर से कहा, ‘वो मुंबई में खुद को क्वारंटाइन कर चुके हैं और कोविड-19 के लिए अपना टेस्ट भी करा चुके हैं। यही वजह है कि वो बेंगलुरु नहीं आए और मुंबई से चार्टर फ्लाइट में दुबई पहुंचे।’
विराट ने खुद दुबई होटल में पहुंचने के बाद फोटो शेयर की और लिखा- ‘हेलो दुबई!’ वहीं युजवेंद्र चहल, नवदीप सैनी, उमेश यादव समेत बाकी आरसीबी क्रिकेटर्स और सपोर्ट स्टाफ चार्टर्ड प्लेन से दुबई पहुंचे। एबी डिविलियर्स, क्रिस मोरिस और डेल स्टेन भी आरसीबी टीम से जुड़ चुके हैं। अब सभी क्रिकेटर्स और सपोर्ट स्टाफ 6 दिन आइसोलेशन में रहेंगे और उसके बाद बायो सिक्योर बबल में प्रवेश करेंगे और ट्रेनिंग शुरू करेंगे।