पत्रकार दीर्घा समिति सदस्य व न्यूज़ एजेंसियों को ही आडिटोरियम में प्रवेश
दर्शक व पत्रकार दीर्घा बंद रहेगी, परिसर में भी नहीं जा पायेंगें मंत्री के पीए -पीएसओ
रायपुर / विधानसभा का मानसून सत्र कोरोना काल में विषम परिस्तिथियों में 25 से 28 अगस्त को बुलाया गया है। चूंकि संवैधानिक व्यवस्था के तहत यह आवश्यक है। कोरोना को दृष्टिगत रखते हुए कुछ बड़े बदलाव किए गए हैं, हमनें सिर्फ उन विधायकों के ही प्रवेश की व्यवस्था बनाई है जिनके प्रश्न लगे हैं और जो उस प्रश्न पर पूरक प्रश्न करना चाहते हैं। सुरक्षा कार्यों में लगे कर्मियों के लिए भी व्यवस्था बनाई गई है कि वे विधानसभा सत्र की अवधि समाप्त होने तक परिसर में ही निवास करेंगें। इस स्थिति में पत्रकारों के भी प्रवेश पर प्रतिबंध किया गया है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने उक्त जानकारी पत्रकारों से आज नई पत्रकार दीर्घा समिति की प्रथम बैठक को संबोधित करते हुए दी। उनके साथ मंच पर विधानसभा उपाध्यक्ष मनोज मंडावी व प्रमुख सचिव चंद्रशेखर गंगराड़े भी मौजूद थे।
उन्होंने यह भी कहा कि चूंकि सदन की कार्यवाही का प्रचार प्रसार भी उतना ही जरूरी है जितना सत्र की कार्यवाही, अत: परिसर स्थित आडिटोरियम में बड़ा स्क्रीन लगा कर सीधा प्रसारण करने की व्यवस्था की गई है और उसमें सिर्फ पत्रकार दीर्घा समिति के सदस्यों को ही प्रवेश दिया जाएगा यह निर्णय लिया गया है। पासधारी पत्रकार आडिटोरियम में सुरक्षित बैठ कर अपनी रिपोर्टिंग का कार्य सम्पन्न कर पायेंगें। सदस्यों की मांग पर अध्यक्ष डॉ. महंत ने इस सलाह को भी शामिल कर लिया कि न्यूज़ एजेंसियों को भी इस सूची में शामिल किया जाएगा व यह भी सलाह मानी कि सीधे प्रसारण में सदन के चार अलग अलग एंगल से प्रसारण किया जाएगा तथा जिन मंत्रियों व विधायकों का इलेक्ट्रॉनिक मीडिया बाईट लेना चाहेंगे उस को आडिटोरियम में आकर बाईट देना सुनिश्चित किया जाएगा।
डॉ. महंत ने कहा कि प्रजातंत्र में सशक्त खंबे के रूप में मीडिया की अहम भूमिका होती है। मैं चाहूंगा कि इस गरिमामय संस्था विधानसभा की गरिमा को बनाए रखते हुए आप अपनी इस विशेषता का उपयोग जनहित के लिए समाचार लिखने में करेंगें। कोविड 19 के इस काल में भीषण परिस्तिथियों में यह सत्र हो रहा है, हम पूरी तरह निर्देशों का पालन करते हुए तथा संयम के साथ सोशल डिस्टनसिंग का पालन करते हुए अपना अपना काम सुचारू रूप से करेंगें, मुझे सबसे यही उम्मीद है। उन्होंने यह भी बताया कि विधायकों के लिए तीन सीटर बैठक पर दो लोगों की बैठने की व्यवस्था की गई है, सीट के बीच में मोटे कांच की एक पारदर्शी दीवार बनाई गई है। सुरक्षा के विभिन्न उपाय किये गए हैं। चाय के स्थान पर गिलोय के काढ़े की व्यवस्था की गई है, हाइजेनिक फ़ूड व शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की गई है। ताकि किसी सदस्य को आने के बाद बाहर जाने की जरूरत ना पड़े। सत्र के प्रथम दिवस पर स्व. अजित जोगी, डी.पी. धृृतलहरे, बलियार सिंह, रजनीगंधा, व शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देकर परंपरानुसार दिवंगत आत्मा के प्रति सम्मान प्रदर्शित करते हुए सदन की कार्यवाही समाप्त कर दी जाएगी। बैठक को उपाध्यक्ष मनोज मंडावी ने संबोधित करते हुए कहा कि आप लोग जिम्मेदार रिपोर्टिंग करते आ रहे हैं, अब भी अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे और कोरोना काल में परेशानियों के बीच भी हमें पूरा सहयोग करेंगें। प्रमुख सचिव ने आग्रह किया कि स्क्रीन पर प्रसारण का सकारात्मक उपयोग करेंगें यह आशा हमें है, अगर कोई परेशानी होगी तो विधानसभा जनसम्पर्क अधिकारी सलूजा से संपर्क करने पर उसे दूर किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण बैठक में पत्रकार दीर्घा समिति 19 सदस्य समेत अध्यक्ष के निजसचिव दिनेश शर्मा, जनसंपर्क के दरियो, सलूजा भी विशेष रूप से मौजूद थे।
—–
विधायकों के सिवाय कोई नहीं जा पाएंगे मानसून सत्र में विधानसभा
