सुकमा। जिले में आज सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में सत्रह माओवादी मारे गए हैं। इनमें ग्यारह महिला माओवादी भी शामिल हैं। मारे गए सभी माओवादियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। इनमें पच्चीस लाख रूपये का एक इनामी माओवादी कुहड़ामी जगदीश उर्फ बुधरा भी मारा गया है, जिनकी पहचान
माओवादी संगठन के दरभा डिवीजन के सचिव के रूप में हुई है। इस मुठभेड़ में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड-डीआरजी के दो जवान भी घायल हुए हैं। घायल जवानों की हालत खतरे से बाहर है। जिले के पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने बताया कि केरलापाल थाना क्षेत्र के गोगुंडा, नेन्डुम और उमापल्ली के आसपास के जंगलों में माओवादियों की उपस्थिति की सूचना पर डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड-डीआरजी और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल-सीआरपीएफ की संयुक्त टीम सर्चिंग पर निकली थी। इस दौरान पहले से घात लगाए बैठे माओवादियों पर सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सत्रह माओवादी मारे गए। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। इनमें एके-सैंतालीस, एसएलआर, इंसास रायफल, थ्री नॉट थ्री रायफल, रॉकेट लॉन्चर और बीजीएल शामिल हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सत्रह माओवादियों के मारे जाने पर सुरक्षाकर्मियों को बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट ‘‘एक्स’’ पर लिखा है कि केन्द्र सरकार इकतीस मार्च दो हजार छब्बीस से पहले नक्सलवाद को खत्म करने के लिए संकल्पित हैं।
वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि सुरक्षा बल के जवानों को मिली यह कामयाबी सराहनीय है। उन्होंने कहा कि राज्य नक्सलवाद से मुक्त होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। जल्द ही देश-प्रदेश को वामपंथी उग्रवाद से मुक्ति मिलेगी।
उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने भी जवानों को इस उपलब्धि पर बधाई दी है।
माओवादी गिरफ्तार/आईईडी विस्फोट
उधर, बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों की टीम ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से छह माओवादियों को गिरफ्तार किया है। इनमें भैरमगढ़ और बेदरे थाना क्षेत्र से तीन-तीन माओवादियों को पकड़ा गया है। इन माओवादियों पर मारपीट, आगजनी, अपहरण और हत्या के मामले अलग-अलग थानों में दर्ज हैं।
वहीं, दंतेवाड़ा जिले से भी पांच माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें दो महिला माओवादी भी शामिल हैं। इन माओवादियों को आईईडी लगाने के दौरान गिरफ्तार किया गया।
इस बीच, बीजापुर जिले में भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के उसपरी गांव के पास आईईडी की चपेट में आने से एक महिला घायल हो गई हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद महिला को भैरमगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।