जगदलपुर/ बीजापुर और कांकेर जिले में नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हो गई है। अलग-अलग मुठभेड़ में 30 नक्सली मारे गए। वहीं, एक जवान शहीद हो गया है। बीजापुर जिले के गंगालुर थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। बीजापुर पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि बीजापुर और दंतेवाड़ा की सीमा के पास थाना गंगालुर क्षेत्रान्तर्गत माओवादी विरोधी अभियान पर संयुक्त टीम निकली थी। अभियान के दौरान आज सुबह 7 बजे से माओवादियों और सुरक्षाबलों के बीच फायरिंग शुरू हो गई। इस मुठभेड़ में नक्सलियों को भारी नुकसान होने की खबर है. मुठभेड़ के बाद तलाशी अभियान जारी है।
अगले साल 31 मार्च से पहले नक्सलमुक्त होगा देश – केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, ‘नक्सलमुक्त भारत अभियान’ की दिशा में आज हमारे जवानों ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। छत्तीसगढ़ के बीजापुर और कांकेर में हमारे सुरक्षाबलों के दो अलग-अलग ऑपरेशन्स में 30 नक्सली मारे गए।
मोदी सरकार नक्सलियों के खिलाफ रुथलेस अप्रोच से आगे बढ़ रही है और समर्पण से लेकर समावेशन की तमाम सुविधाओं के बावजूद जो नक्सली आत्मसमर्पण नहीं कर रहे, उनके खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। अगले साल 31 मार्च से पहले देश नक्सलमुक्त होने वाला है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जवानों के साहस को सराहा
बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में 26 नक्सली मारे गए, जबकि कांकेर-नारायणपुर सरहदी क्षेत्र में सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने 4 नक्सलियों को ढेर किया। इस तरह दो अलग-अलग मुठभेड़ों में कुल 30 नक्सली मारे गए हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस कार्रवाई पर सुरक्षाबलों के अदम्य साहस और जज़्बे की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार नक्सल उन्मूलन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, हमारे बहादुर जवान नक्सलवाद के खिलाफ ऐतिहासिक सफलता हासिल कर रहे हैं। यह विजय उनके परिश्रम, समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है।
हालांकि, इस अभियान में बीजापुर की मुठभेड़ के दौरान डीआरजी के एक जवान ने वीरगति प्राप्त की। मुख्यमंत्री श्री साय ने उनकी शहादत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा, मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं उनके परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूँ।