रंग और उमंग का त्यौहार होली छत्तीसगढ़ सहित देशभर में परंपरागत रूप से हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है

रायपुर। रंग और उमंग का त्यौहार होली आज छत्तीसगढ़ सहित देशभर के विभिन्न हिस्सों में परंपरागत रूप से हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। पूरा प्रदेश उत्साह और उल्लास के रंगों में सरोबार है। दिनभर लोग रंगों की मस्ती में डूबे रहे। जगह-जगह नगाड़ों की थाप और फाग गीत सुनाई दे रहे हैं। शहर हो या ग्रामीण इलाके, सभी जगह सुबह से होलियारों की टोलियां घूम-घूमकर एक-दूसरे को रंग और गुलाल से सराबोर कर रही है।

वहीं, कुछ सामाजिक संस्थाओं ने पर्यावरण के प्रति जागरूकता दिखाते हुए सूखी होली खेलने की भी पहल की। इन संस्थाओं के कार्यकर्ता और पदाधिकारी गुलाल लगाकर लोगों से मिलते रहे और एक-दूसरे को होली की बधाई देते नजर आए। शाम होते ही रंग-गुलाल का आनंद ले चुके लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर मिठाइयां भी बांटी। वहीं, कुछ स्थानों पर आज फाग गायन का आयोजन किया गया।
छत्तीसगढ़ में बस्तर से लेकर सरगुजा तक होली के कई तरह के रंग नजर आए। बस्तर में हर बार की तरह इस बार भी होली पर आदिम संस्कृति और परंपराओं की अलग झलक देखने को मिली। बस्तर में होली की शुरूआत दंतेवाड़ा के फागुन मेले से होती है। इस परंपरा के अनुसार शुद्ध मिट्टी और पलाश के फूलों से बने रंग को देवी दंतेश्वरी और मेले में प्रतीकात्मक रूप से आए सैकड़ों देवी-देवताओं को चढ़ाया जाता है। इस दौरान सांकेतिक होलिका दहन भी होता है। फागुन मेले के ठीक अगले दिन बस्तर की पहली होली माड़पाल में जलाई जाती है। मान्यता है कि बस्तर में पूर्व राजपरिवार के साथ पहली होली यहीं जलाई जाती थी, यह परंपरा आज भी कायम है। माड़पाल में होलिका दहन करने के बाद जगदलपुर में मावली मंदिर, भैरमदेव मंदिर और जगन्नाथ मंदिर में एक साथ होलिका दहन किया जाता है। रंग, अबीर और गुलाल के साथ पारंपरिक लोक नृत्य, नाटक, ढोल-मांदर और नगाड़ों की गूंज के बीच लोगों का सामूहिक हर्षोल्लास इस पर्व को खास बना देता है। गौरतलब है कि बस्तर में होली का त्यौहार धार्मिक परंपराओं का हिस्सा है और यहां के ज्यादातर पर्व प्रकृति के अलावा देवी-देवताओं को समर्पित होते हैं।
इस बीच, राजधानी रायपुर समेत प्रदेशभर में होली के मौके पर सुरक्षा को लेकर पुलिस ने चाक-चौबंद व्यवस्था की है। रायपुर में जगह-जगह पर पुलिसकर्मी तैनात हैं। शहर में चेकिंग प्वॉइंट लगाकर वाहनों की जांच की जा रही है। वहीं, नशे में वाहन और तीन सवारी दोपहिया चलाने वालों पर पुलिस कार्रवाई करती रही। इसके अलावा हुडदंग करने वालों पर भी पुलिस की पैनी नजर रही। नगर के सभी थाना क्षेत्रों में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस के अलावा नगर सेना के जवानों को भी तैनात किया गया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने होली पर देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
वहीं, छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी प्रदेशवासियों को रंगों के त्यौहार होली की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
होली के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज अपने गृहग्राम जशपुर जिले के बगिया में ग्रामीणों और परिजनों के साथ होली का पर्व धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर उनकी पत्नी कौशल्या साय भी उनके साथ मौजूद रहीं।