*कांग्रेस को नगर पालिका उपाध्यक्ष के बाद जनपद में भी दोनों पदों पर नहीं मिला उम्मीदवार*
भाटापारा। प्रदेश की सबसे बड़ी नगर पालिका में अध्यक्ष के ऐतिहासिक जीत के बाद उपाध्यक्ष पद में निर्विरोध होने के बाद गुरुवार को जनपद पंचायत भाटापारा में जनपद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए भी उपाध्यक्ष भाजपा छत्तीसगढ़, कुशल नेतृत्व, रणनीतिकर्ता शिवरतन शर्मा के प्रबंधन से दोनों पद में भी निर्विरोध जीत प्राप्त हुई।
इसमें भाजपा की सविता प्रदीप अनंत अध्यक्ष व भोला वर्मा उपाध्यक्ष बने है। 25 जनपद सदस्यों वाली जनपद में कांग्रेस को एक भी उम्मीदवार नहीं मिला। जिसमें भाजपा प्रत्याशी सविता अनंत ने एवं उपाध्यक्ष के लिए भोला वर्मा ने बस नामांकन दाखिल किया, जिसके उपरान्त निर्वाचन अधिकारी अभिषेक गुप्ता एवं हिमांशु वर्मा ने निर्विरोध अध्यक्ष, उपाध्यक्ष की घोषणा कर प्रमाण पत्र दिया ।
उपाध्यक्ष भाजपा छत्तीसगढ़ शिवरतन शर्मा, चुनाव पर्वेक्षक सुरेन्द्र टिकरिहा, पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने जनपद पंचायत पहुंचकर भाजपा कार्यकर्ताओं तथा प्रत्याशियों का उत्साहवर्धन किया एवं अध्यक्ष उपाध्यक्ष सहित सभी कार्यकर्त्ताओ को निर्विरोध जीत पर बधाई शुभकामनाएं दी ।
विकास के लिए भाजपा सरकार प्रतिबद्ध: शिवरतन शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए भाजपा सरकार प्रतिबद्ध है व बजट 2025-26 में भी हमारे ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं, अधोसंरचनाओं के निर्माण, सुगम आवागमन, सड़क,बिजली,स्वच्छ पेयजल, किसानों को आर्थिक संबल, महिलाओं को महतारी वंदन योजना से आर्थिक सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण प्रावधान किए हैं। इससे निश्चित ही हमारे ग्रामीण क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा।
बता दें कि शिवरतन शर्मा ने इस बार नगरीय निकाय व त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में अग्रणी भूमिका निभाते हुए सभी क्षेत्रों में चुनाव प्रचार-प्रसार किया है जिसका परिणाम है की आज नगर पालिका भाटापारा में ऐतिहासिक अध्यक्ष प्रत्याशी की जीत होने के बाद बुधवार को उपाध्यक्ष निर्विरोध हुआ और गुरुवार को भाटापारा जनपद में भी अध्यक्ष उपाध्यक्ष का चयन निर्विरोध हुआ।
जीत के बाद सविता अनंत, भोला वर्मा ने कहा कि यह जीत भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत, हमारे नेता शिवरतन शर्मा के आशीर्वाद और क्षेत्र में कराए गए उनके करोड़ों के विकास कार्यों का परिणाम है।