प्रदेश के सभी 10 नगर निगमों में भाजपा का कब्जा, रायपुर निगम में भाजपा के महापौर प्रत्याशी मीनल चौबे ने डेढ़ लाख से अधिक मतों से जीत हासिल की

रायपुर। प्रदेश के 10 नगर निगमों के महापौर के लिए हुए चुनाव में भाजपा ने सभी नगर निगमों पर  भारी बहुमत से जीत हासिल की है। इस जीत से भाजपा में जश्न का माहौल है। गौरतलब है कि राज्य के 14 नगर निगमों में से 10 नगर निगम में चुनाव हुए थे।  वहीं, राजधानी रायपुर में भाजपा की मीनल चौबे ने महापौर पद पर शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी दीप्ति दुबे को 1 लाख 50,000 से अधिक मतों के अंतर से हराकर 15 साल बाद भाजपा का परचम फहराया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार में यह भाजपा की बड़ी राजनीतिक जीत मानी जा रही है।

रायपुर नगर निगम चुनाव में भी भाजपा ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है। 70 वार्डों में से 60 से अधिक वार्डों में भाजपा के पार्षद प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। इससे रायपुर में भाजपा को नगर निगम पर पूरी तरह से नियंत्रण मिल गया है। इन चुनाव परिणामों के बाद यह साफ हो गया है कि प्रदेश की जनता ने भाजपा की नीतियों और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व पर भरोसा जताया है।

रायपुर सहित पूरे प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ता इस जीत का जश्न मना रहे हैं। मीनल चौबे की जीत को भाजपा की मजबूत रणनीति और संगठन की ताकत के रूप में देखा जा रहा है। इस ऐतिहासिक जीत के बाद भाजपा अब अगले चुनावों के लिए और मजबूत स्थिति में पहुंच गई है।