मुठभेड़ में 9 नक्सली मारे गए ; दो महिलाएं भी शामिल

जगदलपुर/बीजापुर। नक्सलियों के खिलाफ बस्तर में एक बार फिर से बड़ा एंटी नक्सल ऑपरेशन लॉन्च किया गया है। इस ऑपरेशन में अब तक सुरक्षा बलों ने 9 नक्सलियों को मार गिराया है। सर्चिंग के दौरान सुबह 10.&0 बजे से ही नक्सलियों और जवानों के बीच ज़बरदस्त मुठभेड़ शुरू हो गई थी। अब तक दो महिला समेत 9 नक्सलियों के शवों को बरामद कर लिया गया है। मौक़े से जवानों ने रायफल व बंदूक़ बरामद किए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि इलाके में माओवादियों के होने की खुफिया जानकारी मिली थी। इसके आधार पर ऑपरेशन चलाया गया है। पुलिस ने बताया कि करीब साढ़े दस बजे से मुठभेड़ जारी थी। सुरक्षाबलों ने बताया कि माओवादियों की तरफ से रुक-रुक कर लगातार गोलीबारी हो रही थी। इसके बाद मुठभेड़ में मारे गए 9 नक्सलियों की लाशें बरामद हुईं। सभी ने वर्दी पहन रखी थी। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किए गए हैं।

बस्तर आईजी पी. सुंदराराज ने इसकी पुष्टि करते हुए जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि डीआरजी और सीआरपीएफ़ की संयुक्त पार्टी दंतेवाड़ा एवं बीजापुर की सीमा क्षेत्र पर नक्सलियों की पश्चिम बस्तर डिविजन कमेटी के माओवादियों से लड़ रही है। दंतेवाड़ा एसपी गौरव रॉय ने बताया अभियान में शामिल सभी जवान पुरी तरह सुरक्षित हैं। जबकि माना जा रहा है की मारे गए नक्सलियों की संख्या और बढ़ सकती है, लिहाज़ा तलाशी अभियान जारी है। बस्तर क्षेत्र में दंतेवाड़ा और बीजापुर समेत सात जिले आते हैं। पुलिस ने बताया कि इस मुठभेड़ के साथ ही इस साल अब तक छत्तीसगढ़ में विभिन्न मुठभेड़ों में सुरक्षाबलों ने 154 नक्सलियों को मार गिराया है।
13 नक्सली गिरफ्तार
वहीं, पुलिस ने बताया कि बीजापुर जिले के अलग-अलग जगहों से 13 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। गंगालूर पुलिस थाना से रविवार को 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया जबकि तर्रेम पुलिस थाना वाले इलाके से 6 नक्सलियों को सोमवार को गिरफ्तार किया गया था। डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा की 202 वीं बटालियन और सीआरपीएफ की टीमों ने मिलकर इस पकड़ को अंजाम दिया है। सुरक्षाबलों ने बताया कि पकड़े गए सभी नक्सली पुरुष हैं। इनकी उम्र 20 साल से लेकर 55 साल के बीच बताई गई है। इनके पास से डेटोनेटर, बिजली के तार, लोहे के कांटे, धनुष-बाण, बैटरी जैसे तमाम सामान बरामद हुए हैं। इसके साथ ही इनके पास माओवादियों के पर्चे और प्रचार से जुड़ी सामग्री भी बरामद हुई है। बीजापुर सहित सात जिलों वाले बस्तर संभाग में इस साल 600 से अधिक नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है।

सीएम साय ने जवानों को दी बधाई
दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में डीआरजी और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम की नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में अब तक 9 नक्सलियों के मारे जाने की खबर आ रही है। इसके साथ ही बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों द्वारा 1& सक्रिय माओवादियों को गिरफ्तार किए जाने की भी खबर प्राप्त हुई है। निश्चित ही यह सुरक्षाबल के जवानों के लिए बड़ी सफलता है। मैं इस अभियान में शामिल सभी सुरक्षा अधिकारियों, जवानों की बहादुरी को सलाम करता हूं और बधाई देता हूं। नक्सलवाद के खात्मे तक हमारी यह लड़ाई जारी रहेगी।
बस्तर विकास के मार्ग पर सरपट दौड़ने वाला है: गृहमंत्री
मुठभेड़ में नौ नक्सलियों के मारे जाने के बाद प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ये जवानों की ताकत है, बस्तर विकास के मार्ग पर सरपट दौड़ने वाला है।