मोदी लगातार तीसरी बार बने प्रधानमंत्री, ली शपथ  

नई दिल्ली।  केंद्र में लगातार तीसरी बार एनडीए की सरकार बन गई है। नरेंद्र मोदी ने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री के पद की शपथ ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यहां राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही मोदी ने लगातार तीन बार प्रधानमंत्री बनने के देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। इसी के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में कुल 30 कैबिनेट मंत्री, पांच स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और 36 राज्य मंत्रियों का शपथ ग्रहण पूरा हो गया। अब इन मंत्रियों का पोर्टफोलियो आने वाले दिनों में मिलेगा। मंत्रिमंडल में 20 से अधिक राज्यों के मंत्रियों को जगह दी गई है। 71 सदस्यीय टीम में युवाओं और अनुभवी नेताओं का संतुलन बनाने का प्रयास किया गया है।  मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेने वालों में अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी समेत कई दिग्गजों के नाम हैं। भाजपा की ओर से राजनाथ, गडकरी जैसे वरिष्ठ नेता लगातार तीसरी बार कैबिनेट मंत्री बने हैं। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, हरियाण के पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर, एचडी कुमारस्वामी, पीयूष गोयल सरीखे नाम शामिल हैं। इसके अलावा, धर्मेंद्र प्रधान, जेडीयू के कोटे से ललन सिंह, वीरेंद्र कुमार आदि को भी कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। वहीं, छत्तीसगढ़ से तोखन साहू को राज्यमंत्री बनाया गया है। बता दें कि चार जून को आए लोकसभा चुनाव के नतीजों में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनी है। हालांकि, बहुमत के आंकड़े से चूक गई, लेकिन एनडीए को बहुमत मिल गया है। आम चुनाव में भाजपा को 240 सीटें मिली हैं, जबकि कांग्रेस ने अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए 99 सीटें जीती हैं। हालांकि, नीतीश कुमार की जेडीयू, तेलुगु देशम पार्टी आदि की मदद से एनडीए की लगातार तीसरी बार फिर से सरकार बन गई है। गौरतलब है कि मोदी 2014 में लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद पहली बार देश के प्रधानमंत्री बने थे। इसके बाद 17वीं लोकसभा के चुनाव में भारी बहुमत से जीत के बाद वह लगातार दूसरी बार प्रधानमंत्री बने। नेहरू 1947 से स्वतंत्रता के बाद से सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। उनकी मृत्यु 27 मई 1964 को हुई थी और वह उस समय भी देश के प्रधानमंत्री थे। साल 1952 में हुए पहले आम चुनाव में जीत के बाद वह पहली बार प्रधानमंत्री निर्वाचित हुए थे। इसके बाद 1957 और 1962 के आम चुनावों में भी कांग्रेस ने जीत दर्ज की और नेहरू फिर देश के प्रधानमंत्री बने। साल 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत हासिल नहीं कर पाई है। उसे 240 सीटें मिली हैं। हालांकि, भाजपा नीत राजग ने 293 सीटों के साथ बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया। इसके बाद राजग की बैठक में मोदी को पिछले दिनों भाजपा और राजग संसदीय दल का नेता चुना गया था