जगदलपुर। नारायणपुर-दंतेवाड़ा-बस्तर जिले की सीमा पर आज हुई मुठभेड़ में सात वर्दीधारी नक्सली मारे गए हैं, जिनका शव बरामद कर लिया गया है।
बस्तर रेंज के डीआईजी कमलोचन कश्यप और दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह मुठभेड़ नारायणपुर और दंतेवाड़ा की सीमा पर हुई है। उन्होंने बताया कि अबूझमाड़ के जंगल में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड-डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और स्पेशल टास्क फोर्स-एसटीएफ की संयुक्त टीम तलाशी अभियान पर निकली थी। इस दौरान नारायणपुर-दंतेवाड़ा की सीमा से लगे अबूझमाड़ के जंगल में पहले से घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवानों द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में सात नक्सली मारे गए। वहीं, सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में कई नक्सलियों के घायल होने का दावा किया है। घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार और नक्सली सामग्रियां बरामद की गई हैं।
