*दुर्ग लोकसभा से कांग्रेस उम्मीदवार राजेन्द्र साहू को विजय बनाने की अपील की
पाटन। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कट्टर समर्थक और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जामगांव आर के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार कांग्रेस पार्टी के घोषणा-पत्र को लेकर झूठ बोल रहे हैं। पहले मुस्लिम लीग की छाप बता रहे थे, जब वो नहीं चिपका तो अब दूसरा जुमला बोलना शुरू कर दिया है कि कांग्रेस लोगों की संपत्ति और पैसा लेकर बाँट देगी। बड़बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह बेतुकी बात, निरर्थक व एक कोरा झूठ है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के घोषणा-पत्र में ऐसा कहीं नहीं लिखा है, ना कांग्रेस ने ऐसा करने का कभी कोई इरादा दिखाया है। देश में ग़रीबी हटाने व मिटाने और लोगों की भलाई के लिए ना किसी भारतीय की संपत्ति ली जाएगी, ना किसी की आय कम करेंगे, ना किसी के ज़ेवर गहने लेंगे। बदलाव सही नीतियों से करेंगे। सफलतम भारत के लिए लंबी लकीर खींचेंगे, जो विकसित भारत का निर्माण करेगा। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा डंके की चोट पर यह कहा है कि हम देश के युवाओं, महिलाओं, गरीब वर्ग, पिछड़ों, आदिवासियों, दलितों और यहाँ तक कि सामान्य वर्ग के ग़रीबों को ही केंद्र बिंदु बनाकर ऐसी नीतियाँ, कार्य योजना बनायेंगे जिससे आज हाशिये पर, भाजपा व मोदी सरकार के द्वारा प्रताड़ित हो रहे यह लोग मुख्यधारा का हिस्सा बन सकें। जिससे इनके हाथ में संसाधन आये, इनके हाथ में सत्ता की चाबी आये, सरकार उनके विकास के लिए कार्य कर रही हैं, सर्वहारा वर्ग के हित को ध्यान में रखकर कार्य कर रही हैं ऐसा उन्हें लगना चाहिए।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि वर्तमान में – आज देश में भयंकर आय असमानता है। कोई लाखों और करोड़ों की बात कर रहा है, तो देश का गरीब 200 और 300 रूपये की दैनिक मज़दूरी के लिये भी संघर्षरत है। जब कांग्रेस ने इस असमानता को दूर करने का संकल्प लिया तो हमारे देश के प्रधानमंत्री ने इस पर आपत्ति जतायी। आज वर्तमान में ज़रूरत थी कि प्रधानमंत्री मोदी देश की गरीब जनता को अपने 10 सालों का हिसाब देते, लेकिन मोदी जी ने जब ग़रीबों के लिये कुछ किया ही नहीं, तो फिर बताने के लिये कुछ है ही नहीं। शायद इसीलिए मोदी जी लोगों को गुमराह करने पर उतारू हैं। आज भाजपा के 10 साल का अन्यायकाल हम सबके सामने है। भाजपा आज हमारे देश को इस कगार पर ले आई है कि ग़रीबों और अमीरों के बीच खाई लगातार बढ़ती ही जा रही है। भारत एक ऐसा देश बन गया है जहां 1% लोगों के हाथ में 40% संपत्ति है, जहां सिर्फ़ 22 लोगों के पास इतना पैसा है जितना हमारे देश के 70 करोड़ जनता के पास है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार ने पिछले 10 सालों में गरीबों को प्रताड़ित किया है, उन्हें लूट कर अपने अमीर दोस्तों की तिजोरियाँ, व जेब भरीं हैं। देश के सबसे ग़रीब लोगों की मूल ज़रूरत जैसे आटा, दवाई, पढ़ाई आदि पर भी जीएसटी लगाया है। इस सुनियोजित लूट के माध्यम से इतना जीएसटी लगाया है कि इस देश की सबसे गरीब 50% आबादी जीएसटी का 64% पैसा दे रही है।
उन्होंने कहा कि इस देश में आज हर घंटे दो किसान और दो युवा आर्थिक तंगी से मजबूर होकर आत्महत्या कर रहे हैं। नरेंद्र मोदी जिस फ्री राशन का दंभ भरते हैं, जब वही लोग रोज़गार माँगते हैं तो वो मुँह क्यों फेर लेते हैं ? देश की बदहाली का अंदाज़ा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि आज भारत की 20% आबादी को मात्र ₹46 रोज़ पर गुजर बसर करने को मजबूर कर दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां अपने दोस्त को एक के बाद एक एयरपोर्ट दे देते हैं, वहीं इस देश के युवा और गरीब को ट्रेन में टॉयलेट के अंदर भेड़ बकरी की तरह ठूँसा जाता है। कोरोना काल का वो ख़ौफ़नाक मंजर आज भी दिल दहला देता है, जब याद आता है कि कैसे मोदी सरकार ने इस देश के ग़रीबों को चिलचिलाती धूप में चलाया, ऑक्सीजन और इंजेक्शन के लिये जनता को दर दर भटकाया। आज 50,000 से ज़्यादा युवाओं ने केंद्रीय विश्वविद्यालयों से अपना नाम बढ़ती आर्थिक तंगी के कारण कटा दिया, आज गरीब जनता अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा और पौष्टिक आहार दे पाने में असमर्थ है, इसीलिए स्कूल एनरोलमेंट में गिरावट और कुपोषण में बढ़ावा हुआ है। सत्ता के मद में डूबे मोदी जी को शायद अपने 8500 करोड़ के जहाज़ में, 20 लाख का सूट पहने हुए, 1.5 लाख का कलम जेब में लगाये और 1.5 करोड़ का चश्मा लगाए भले गरीबी ना दिख रही हो, लेकिन आज पूरे भारत देश की जनता इनके कार्यप्रणाली से बेहद हताश हो चुकी हैं, एवं निराश व परेशान हैं।
साथ ही श्री ठाकुर ने कहा कि – हमारे देश के स्वेच्छाचारी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, आप पूरा दम लगा कर झूठ बोलिये, ग़रीबों के ख़िलाफ़ जो साज़िश करनी है कीजिए, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की जन कल्याणकारी योजनाओं पर भ्रमित करना है, कीजिए – फिर भी हमारी कांग्रेस पार्टी पूरी ईमानदारी से, पूरी लगन से और पूरी शिद्दत से इस भयावह आर्थिक असमानता को सही नीतियों से ठीक करके ही दम लेगी। कांग्रेस नेतृत्व का संकल्प है कि हम ग़रीबों को मुख्य धारा में लाकर ही मानेंगे और इसके लिए ना किसी की संपत्ति ली जाएगी, ना किसी की आय कम करेंगे, ना किसी के ज़ेवर गहने लेंगे। बदलाव सही नीतियों से होता है, लगातार मोदी जी की तरह फेंकने और कांग्रेस के खिलाफ़ झूठ बोलने से नहीं।
*राजेंद्र साहू को विजयी बनाने की अपील*
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्री ठाकुर ने आम लोगों, युवाओं, खासकर मतदाताओं से आह्वान किया कि 7 मई को दुर्ग लोकसभा में मतदान होना है जिसमें, कांग्रेस पार्टी के सहज व सरल, मिलनसार व्यक्तित्व के धनी लोकप्रिय, ऊर्जावान, कर्मठ, व जननेता संघर्षशील उम्मीदवार राजेन्द्र साहू को कांग्रेस के पंजा निशान पर बटन दबाकर आशीर्वाद प्रदान करें, ताकि वे प्रचंड बहुमत से जीत हासिल कर भारतीय संसद लोकसभा में हमारे दुर्ग जिले की बुलंद आवाज बन सके।
