कुम्हारी के पास बस खदान में गिरी, 12 लोगों की मौत

* राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल विश्व भूषण हरिचंदन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शोक जताया

रायपुर।  दुर्ग जिले में मंगलवार की रात केडिया डिस्टलरी के कर्मचारियों को लेकर कुम्हारी से भिलाई जा रही बस 50 फ़ीट गहरी खदान में गिर गयी। बस में 27 लोग सवार थे। इस घटना में 12 लोगों की मौत हो गयी और अन्य 15 लोग गया हो गए। मृतकों में 4 महिलाएं भी शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के लिए कुछ लोगों को धमधा के स्वास्थ्य केंद्र में भेजा गया है और कुछ घायलों को रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।

बता दें कि कुम्हारी बस्ती से होकर केडिया डिस्टलरी के लिए रास्ता गया हुआ है। कुम्हारी के स्वास्थ्य केंद्र के आगे एक सड़क गई है। दोनों तरफ गहरी खाई है और बीच से रास्ता है। सड़क पर कोई संकेतक भी नहीं है। रोज की तरह बस कर्मचारियों को वापस लेकर लौट रही थी, तभी हादसा हुआ है। इस हादसे 14 लोग घायल हुए हैं। घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
इस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, छत्तीसगढ़ के राज्यपाल विश्व भूषण हरिचंदन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शोक जताया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने X पर लिखा है कि छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से अनेक लोगों के हताहत होने का समाचार बहुत दुखद है। सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहन संवेदनाएं! मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूँ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने X पर लिखा है कि छत्तीसगढ़ के दुर्ग में हुआ बस हादसा अत्यंत दुखद है। इसमें जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की निगरानी में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।
राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने कुम्हारी थाना अंतर्गत रायपुर-दुर्ग मार्ग पर कल निजी कंपनी के कर्मचारियों से भरी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से 12 लोगों की मृत्यु को अत्यंत पीड़ाजनक बताया और गहरा दुख व्यक्त किया. राज्यपाल ने कहा, महाप्रभु श्रीजगन्नाथ जी दिवंगत आत्माओं को सद्गति एवं शोक-संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करें. साथ ही राज्यपाल ने घायलों के शीध्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है.

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने X पर लिखा है कि कुम्हारी में कर्मचारियों से भरी एक बस खदान में गिर गई। इसमें 46 लोग सवार थे। सूचना मिली है कि कई लोगों की‌ जानें गई हैं और कई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों के परिजनों के प्रति मैं गहन संवेदना व्यक्त करता हूं। मैंने प्रशासन से घायलों के समुचित इलाज का प्रबंध करने का अनुरोध किया है।

एम्स पहुंचे उप मुख्यमंत्री 


उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दुर्ग में हुए सड़क हादसे में घायल मरीजों की स्थिति देखने रायपुर एम्स हॉस्पिटल पहुंचा। उनके इलाज में शामिल डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है, हर संभव मदद की जा रही है।