मुठभेड़ में एक महिला सहित 10 नक्सली ढेर 

बीजापुर।  जिले में आज सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में एक महिला सहित दस नक्सली मारे गए हैं। मारे गए नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गंगालूर थाना क्षेत्र में नक्सलियों के मौजूद होने की सूचना मिलने पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल-सी.आर.पी.एफ., कोबरा बटालियन, डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड-डी.आर.जी. और स्पेशल टास्क फोर्स-एस.टी.एफ. की संयुक्त टीम तलाशी अभियान पर निकली थी। इस दौरान कोरचोली और लेंड्रा के जंगलों में पहले से घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में दस नक्सली मारे गए। घटनास्थल की तलाशी के दौरान मौके से एक इंसास, एल.एम.जी. और एके-फोर्टी सेवन रायफल के अलावा एक बैरल ग्रेनेड लॉन्चर सहित बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामान भी बरामद किया गया है।