
*लोकसभा चुनाव के बाद सभी वादों को पूरा करेंगे सांय-सांय*
*कांग्रेस को मटियामेट कर देना है*
नगरी। भाजपा की सरकार बनते ही प्रदेश में मोदी की गारंटी को पूरा करने का काम सांय-सांय हो रहा है और कांग्रेस का बाय-बाय हो रहा है. कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं और उनकी पार्टी में चलाचली की बेला चल रही है. इसलिए लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस को मटियामेट करने का समय आ गया है.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांकेर लोकसभा के अंतर्गत नगरी में आयोजित विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए यह बात कही.
श्री साय ने कहा कि सरकार में आते ही हमने मोदी जी की सभी प्रमुख गारंटियों को सांय-सांय पूरा किया और लोकसभा चुनाव के बाद भी मोदी की गारंटी के बचे हुए प्रमुख वादों को सांय-सांय पूरा करेंगे। उन्होंने जनता से भूमिहीन श्रमिकों को 10 हजार रूपये और 500 रुपये में सिलेंडर देने के वादे को भी पूरा करने की बात कही.
श्री साय ने नगरी की जनता से कहा कि आज हम नरेंद्र मोदी जी के लिए आशीर्वाद मांगने आए हैं, नरेंद्र मोदी जी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं और उनकी वजह से भारत का डंका बज रहा है, पूरी दुनिया में देश का मान-सम्मान बढ़ रहा है. मेरा सौभाग्य था कि मोदी जी के पहले कार्यकाल में राज्यमंत्री के रूप में उनके साथ काम करने का अवसर मिला। मोदी जी ने पहले दिन से ही कहा था कि मेरी सरकार गरीबों के लिए समर्पित है और मोदी जी जो बोलते हैं उसे करते हैं. भारतीय जनता पार्टी के कथनी और करनी में एकरूपता है। उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है, भारत को सोने की चिड़िया और विश्वगुरु बनाना है. इसके लिए हमें कांकेर लोकसभा की जनता का सहयोग चाहिए, आपका आशीर्वाद चाहिए।
