रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी ने पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की है। पार्टी ने नब्बे में से चौव्वन सीटें हासिल कर पहली बार पचास से अधिक सीटों पर कब्जा जमाया है। जबकि, कांग्रेस पैंतीस सीटों पर सिमट गई। पाली-तानाखार सीट पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने जीत दर्ज की है। वहीं, बहुजन समाज पाटी, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ और आम आदमी पार्टी एक भी सीट नहीं जीत पाई। इस चुनाव में उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव सहित नौ मंत्रियों को हार का सामना करना पड़ा है। श्री सिंहदेव मात्र अंठानवे वोट से अंबिकापुर सीट से चुनाव हारे हैं। इनके अलावा मंत्री – ताम्रध्वज साहू, रविन्द्र चौबे, मोहम्मद अकबर, जयसिंह अग्रवाल, शिवकुमार डहरिया, गुरू रूद्रकुमार, अमरजीत भगत और मोहन मरकाम भी चुनाव हार गए हैं। केवल तीन मंत्री कवासी लखमा, अनिला भेंडिया और उमेश पटेल ही चुनाव जीत पाए हैं। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज भी अपनी सीट नहीं बचा पाए।
पाटन विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा प्रत्याशी और सांसद विजय बघेल को उन्नीस हजार से अधिक मतों से पराजित किया। वहीं, राजनांदगांव विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार और पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी गिरीश देवांगन को सैंतालीस हजार से अधिक वोटों से हराया। इसी तरह, विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर चरणदास महंत ने सक्ती सीट से भाजपा उम्मीदवार खिलावन साहू को बारह हजार से अधिक मतों से मात दी। लोरमी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रदेष अध्यक्ष अरूण साव ने कांग्रेस उम्मीदवार थानेश्वर साहू को पैंतालीस हजार से अधिक मतों से हराकर जीत दर्ज की।
इसी तरह, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने बिल्हा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी सियाराम कौशिक को करीब नौ हजार मतों से पराजित किया। जबकि, पूर्व मंत्री रामविचार नेताम ने कांग्रेस प्रत्याशी डॉक्टर अजय तिर्की को उनतीस हजार से अधिक मतों से हराकर रामानुजगंज सीट पर कब्जा किया। जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार व्यास कश्यप ने भाजपा प्रत्याशी और नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल को करीब बारह हजार वोटों से पराजित किया। इस चुनाव में भाजपा ने चार सांसदों को चुनाव मैदान में उतारा था, जिनमें से तीन सांसदों ने जीत हासिल की है। इनमें भरतपुर-सोनहत से रेणुका सिंह, लोरमी से अरूण साव और पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र से गोमती साय ने जीत हासिल की है। जबकि, सांसद विजय बघेल को हार का सामना करना पड़ा। इस चुनाव में रिकॉर्ड तीस प्रत्याशियों ने पच्चीस हजार या उससे ज्यादा मतों से जीत हासिल की है। इनमें भाजपा उम्मीदवार और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने प्रदेश में सबसे अधिक सड़सठ हजार आठ सौ इंक्यावन मतों के अंतर से चुनाव जीता। वहीं, रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र से ओ.पी. चौधरी ने चौंसठ हजार से अधिक मतों से जीत हासिल की है। जबकि, कांकेर से भाजपा उम्मीदवार आशाराम नेताम ने प्रदेश में सबसे कम मात्र सोलह मतों से जीत दर्ज की है।