रायपुर। कांग्रेस की प्रदेश इकाई द्वारा आज राजधानी रायपुर में चौथा संभागीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अभी से चुनाव में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज्य सरकार की उपलब्धियों को लेकर चुनाव में जाएगी। श्री बघेल ने भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि उसके पास कोई मुद्दा नहीं हैं। 15 साल में भाजपा की सरकार कुछ नहीं कर सकी है। इसलिए वह धर्मांतरण को लेकर जनता को भडक़ाने में लगी हुई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को मनमुटाव छोडऩे और गुटबाजी से दूर रहकर आगामी विधानसभा चुनाव मे फिर से जीत हासिल करने पर काम करने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा राम के नाम पर वोट मांगती रही है, लेकिन राम वनगमन पथ के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने हरेक व्यक्ति के लिए योजनाएं बनाई है, इसका लोगों को फायदा मिल रहा है। प्रदेश में पार्टी 75 प्लस का लक्ष्य लेकर चल रही है, जबकि भाजपा की सीटें 14 रह पाएगी, यह भी तय नही ंहै।
प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने सम्मेलन में भूपेश सरकार की योजनाओं की तारीफ की। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने को कहा। उन्होंने 75 प्लस के लक्ष्य को हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करने की नसीहत दी। सम्मेलन को विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर चरण दास महंत और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने भी संबोधित किया। सम्मेलन में प्रभारी सचिव चंदन यादव, सह-प्रभारी विजय जांगिड़, सभी मंत्री, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। कांग्रेस द्वारा तेरह तारीख को अंबिकापुर में संभागीय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
रायपुर में आयोजित कांग्रेस के चौथे संभागीय सम्मेलन में 75 प्लस के लक्ष्य पर जोर, सैैलजा ने भूपेश सरकार की तारीफों के पुल बांधे
