*मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर भाजपा चलाएगी विशेष जनसंपर्क अभियान
भाटापारा। भाजपा शहर, ग्रामीण, निपानिया एवं सिमगा मंडल की कार्यसमिति बैठक अलग-अलग सत्रों में संपन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए महा जनसंपर्क अभियान के प्रदेश प्रभारी, उपाध्यक्ष भाजपा छत्तीसगढ़, विधायक शिवरतन शर्मा ने कहा कि भाजपा हस्ताक्षर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के सफल 09 वर्ष पूर्ण हो चुके है। उनके नेतृत्व में देश की प्रगति देखते ही बन रही। भारत दुनिया की पांचवीं आर्थिक महाशक्ति बन गई है। पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। भारत की प्रतिष्ठा दुनिया में बढ़ी है। मोदी सरकार के काम को प्रत्येक भारतवासी महसूस कर रहा है क्योंकि विकास का प्रकाश आज हर किसी के पास पहुंच रहा है। शिवरतन ने कहा कि इन बीते 09 वर्षो की उपलब्धियों से जन-जन को अवगत कराने के उद्देश्य से पार्टी संगठन विशेष जनसंपर्क अभियान 30 मई से 30 जून तक चलेगा। जिसके तहत 11 कार्यक्रम लोकसभा स्तर की तथा 06 कार्यक्रम विधानसभा स्तर के किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा के 15 साल के विकासकार्य और कांग्रेस के साढ़े चार साल के कृत्यों से भी जनता को अवगत कराएंगे।
कार्यक्रम के संबंध में कार्यकर्ताओं को जानकारी देते हुए शिवरतन शर्मा ने बताया कि 29 मई को संगठन के वरिष्ठ नेता राजधानी रायपुर में पत्रकार वार्ता लेंगे, इस दौरान प्रदेशों की राजधानी में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स के साथ संवाद किया जायेगा। 30-31 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महा अभियान लांच रैली को संबोधित करेंगे। पश्चात अभियान की शुरुआत होगी।
1 जून से 22 जून तक के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि संपर्क से समर्थन कार्यक्रम के तहत हर लोकसभा के 250 विशिष्ट परिवारों से संपर्क किया जाएगा। जिसमें शहीदों के परिवार, खिलाड़ी,कलाकार,उद्योगपति, पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ताओ व उनके परिवारों से भेट की जायेगी। इन तारीखों में लोकसभा स्तरीय विशाल जनसभा का भी आयोजन होगा। जिसमें संगठन के राष्ट्रीय नेता व केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे। 25 जून (आपातकाल लगाने की तारीख) को लोकसभा स्तरीय प्रबुद्ध सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। जिसमें डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से यह बताया जाएगा कि कांग्रेस ने लोकतंत्र को कैसे नष्ट किया था। यह आयोजन लोकसभा क्षेत्र के मुख्य विधानसभा में होगा। भाजपा सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर मीट का भी आयोजन करेगी। जिसमें सोशल मीडिया के प्रमुख इनफ्लुएंसर के साथ संवाद होगा। लोकसभा स्तरीय व्यापारी सम्मेलन किया जायेगा। लोकसभा स्तरीय विकास तीर्थ भी आयोजित होगा जिसमें केंद्रीय नेता शामिल होंगे। जिसके तहत क्षेत्र के किसी एक प्रमुख विकास स्थल पर जाना सुनिश्चित होगा इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय एवं प्रदेश की मीडिया को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा। इस दौरान भाजपा संगठन प्रत्येक विधानसभा में संयुक्त मोर्चा सम्मेलन भी करेगी।
शिवरतन शर्मा ने आगे कहा कि मोदी सरकार के 09 सालों में और छत्तीसगढ़ भाजपा के 15 सालों में जिन लोगों ने सरकार से लाभ प्राप्त किया है उनका सम्मेलन किया जाएगा। यह लाभार्थी सम्मेलन सभी विधानसभाओं में आयोजित होगा। 21 जून को विधानसभा स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम मनाया जाएगा उक्त कार्यक्रम में केंद्र सरकार के 09 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी दिखाई जाएगी। इसी तारतम्य में 23 जून डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी पुण्यतिथि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बूथों के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। यह आयोजन प्रदेश के प्रत्येक बूथ में होगा। विधायक शर्मा ने बताया कि 20 जून से 30 जून तक बूथ स्तरीय घर-घर संपर्क अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान के तहत घर-घर संपर्क कर लोगों को केंद्र सरकार के 09 वर्षों की उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।
……………….
विधायक शिवरतन शर्मा ने ली भाटापारा विधानसभा की बैठक, दिए आवश्यक दिशा निर्देश
