बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) के बिलासपुर-कटनी खंड में सिंहपुर रेलवे स्टेशन के समीप बुधवार की सुबह एक मालगाड़ी ने सिग्नल ओवरसूट कर दूसरी मालगाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी जिससे इंजन में आग लग गयी और करीब नौ-दस डिब्बे पटरी से उतर गये। इस दुर्घटना में एक लोको पायलट की मौत हो गई है। लोको पायलट का नाम राजेश प्रसाद बताया जा रहा है जो बिहार के मुजफ्फरपुर जिले का मूल निवासी था। रेलवे सूत्रों के मुताबिक दुर्घटना करीब 07.00 बजे उस समय हुई जब सिंहपुर स्टेशन के समीप एक मालगाड़ी ने सिग्नल ओवरसूट कर दिया और दूसरी मालगाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही बिलासपुर रेल मंडल के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थानीय प्रशासन की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
इस बीच दुर्घटना के बाद अप, डाउन एवं मिडिल तीनों लाइन पर रेल यातायात अवरूद्ध हो गया और कुछ ट्रेनें रद्द कर दी गयी तथा कुछ ट्रेनों को रिशेड्यूल करने के साथ ही परिवर्तित मार्ग से चलाया जायेगा।
ये ट्रेन हुई रद्द
1. बिलासपुर से शहडोल के लिए चलने वाली ट्रेन नंबर 08740 बिलासपुर – शहडोल मेमू 2. शहडोल से अम्बिकापुर के लिए चलने वाली ट्रेन नंबर 08749 शहडोल – अम्बिकापुर मेमू 3. अम्बिकापुर से अनुपपुर के लिए चलने वाली ट्रेन नंबर 08758 अम्बिकापुर – अनुपपुर मेमू 4. अनुपपुर से मनेंद्रगढ़ के लिए चलने वाली ट्रेन नंबर 08759 अनुपपुर – मनेंद्रगढ़ मेमू 5. शहडोल से बिलासपुर के लिए चलने वाली ट्रेन नंबर 08739 शहडोल – बिलासपुर मेमू 6. अम्बिकापुर से शहडोल के लिए चलने वाली ट्रेन नंबर 18576 अम्बिकापुर- शहडोल 7. शहडोल से अम्बिकापुर के लिए चलने वाली ट्रेन नंबर 18755 शहडोल – अम्बिकापुर मेमू 8. बिलासपुर से इंदौर के लिए चलने वाली ट्रेन नंबर 18234 बिलासपुर-इंदौर नर्मदा एक्सप्रेस
पुनर्निर्धारित की गई गाडिय़ां
1. दुर्ग से चलने वाली ट्रेन नंबर 20847 दुर्ग-ऊधमपुर एक्सप्रेस को आज 2 घंटे विलंब से रवाना की जाएगी ।
गंतव्य से पहले रद की गई गाडिय़ां
1. ट्रेन नंबर 08747 बिलासपुर-कटनी को पेंड्रारोड में रद्द । 2. ट्रेन नंबर 11266 अम्बिकापुर -जबलपुर को बिजुरी में रद्द । 3. ट्रेन नंबर 11265 जबलपुर-अम्बिकापुर को जबलपुर मण्डल में रद्द ।
मार्ग परिवर्तित गाडिय़ां
1. बरौनी से 18 अप्रैल को रवाना हुई ट्रेन नंबर 15231 बरौनी -गोंदिया 2. अजमेर से 18 अप्रैल को रवाना हुई ट्रेन नंबर 18208 अजमेर-दुर्ग एक्सप्रेस।
दो मालगाडिय़ों में टक्कर: 9 से10 डिब्बे पटरी से उतरे, लोको पायलट की मौत, कई ट्रेनें रद्द
