रायपुर। जिला पंचायत दुर्ग की अध्यक्ष शालिनी रिवेंद्र यादव का आज निधन हो गया। वे कल परिवारिक कार्यक्रम में गई थी, जहां उनकी तबियत बिगड़ गई। उन्हें राजधानी रायपुर के रामकृष्ण केयर हास्पिटल में भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शालिनी रिवेंद्र यादव के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
शालिनी रिवेंद्र यादव के निधन के बाद कई प्रमुख जनप्रतिनिधि रामकृष्ण हॉस्पिटल पहुंच गए हैं। दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र में शोक का माहौल है। सीधे सरल स्वभाव की शालिनी रिवेंद्र यादव 1993 में सरपंच पद पर चुनी गई थी। उनके पति रिवेंद्र यादव पूर्व में दुर्ग जिला सरपंच संघ के अध्यक्ष रह चुके हैं। शालिनी की सास प्रेमा बाई भी सरपंच रह चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने गहरा दुःख प्रकट किया
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुर्ग जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शालिनी यादव के निधन पर गहरा दुःख प्रकट किया है । उन्होंने श्रीमती शालिनी यादव के शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। श्रीमती शालिनी यादव का आज रायपुर के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया।
उधर, विधायक अरुण वोरा ने भी शालिनी रिवेंद्र यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि शालिनी रिवेंद्र यादव के परिवार से शुरू से पारिवारिक संबंध रहे हैं। वोरा ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
