सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में सड़क दुर्घटना; दो बच्चियों की मौत, मुख्यमंत्री ने गहरा दुख व्यक्त किया

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में आज हुई एक सड़क दुर्घटना में दो बच्चियों की मौत हो गई। वहीं, चार अन्य बच्चियां घायल हो गई हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दो बच्चियों की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक आज सुबह सारंगढ़ के ग्राम बटाउपाली की छह बच्चियां सड़क किनारे पैदल जा रही थीं। इस दौरान एक तेज रफ्तार डंपर ने बच्चियों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद सभी बच्चियों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो बच्चियों को मृत घोषित कर दिया। जबकि, एक अन्य बच्ची गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों द्वारा मौके पर मौजूद पुलिस की गाड़ी और डंपरों में तोड़फोड़ किए जाने की खबर है। पुलिस ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।*मुख्यमंत्री ने गहरा दुःख व्यक्त किया, मृत बालिकाओं के परिवारजनों को 25-25 हजार रूपए की तात्कालिक सहायता और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा के निर्देश

इस बीच, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सारंगढ़-बिलाईगढ जिला अंतर्गत सारंगढ़ तहसील के ग्राम बटाउपाली (ब) में हुई सड़क दुर्घटना में दो बालिकाओं की मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने दुर्घटना में घायल बालिकाओं के त्वरित उपचार के निर्देश जिला प्रशासन के अधिकारियों को दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर दुर्घटना में मृत बालिकाओं के परिवारजनों को 25-25 हजार रूपए की तात्कालिक सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सारंगढ़ तहसील के ग्राम बटाउपाली (ब) में हुई सड़क दुर्घटना में 02 बलिकाओं की मृत्यु और 04 बालिकाएं घायल हो गयी। मृतक बालिका कविता सिदार पिता रुखमन सिदार उम्र 10 वर्ष एवं अंजू सिदार पिता सुखदेव सिदार उम्र 15 वर्ष की मृत्यु पर जिला प्रशासन द्वारा तत्काल सहायता के रूप में 25-25 हजार रूपए का चेक परिजनों को दिया गया। घायलों में राखी सिदार पिता प्रेम लाल सिदार उम्र 16 वर्ष को तत्काल मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया गया, जहां अस्पताल में भर्ती कर समुचित उपचार किया जा रहा है। अन्य घायल बलिकाओं डिंकी गोंड, अंतरा सिदार और भारती सिदार का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सारंगढ़ में उपचार किया जा रहा है।

कबीरधाम जिले में दो ट्रकों के बीच भिडंत होने से चालक-परिचालक की मौत
उधर, कबीरधाम जिले में रायपुर-जबलपुर मार्ग पर पोड़ी के पास दो ट्रकों के बीच भिडंत होने से एक ट्रक के चालक और परिचालक की मौत हो गई। वहीं, दूसरे ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है।