सीएम भूपेश का घर घेरने जा रहे सांसद और भाजपाईयों को पुलिस ने रोका, झड़प और जमकर नारेबाजी, छावनी में तब्दील हुआ भिलाई-3‌


भिलाई। प्रधानमंत्री आवास के मुद्दे पर भाजपा द्वारा भिलाई 3 में मुख्यमंत्री निवास एवं पीएचई मंत्री के निवास का घेराव जारी है। आंदोलन को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुबह से ही एक दर्जन से भी अधिक स्थानों पर बैरिकेडिंग कर दी गई थी। पदुमनगर गेट के सामने सर्विस रोड को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इसकी वजह से चरोदा की ओर से आने वाले लोगों को वापस चरोदा भेजा जा रहा है।
भिलाई 3 में भाजपा के द्वारा दोपहर 2 बजे से मुख्यमंत्री निवास एवं पीएचई मंत्री गुरु रूद्र कुमार के निवास का घेराव जारी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का निवास एवं पीएचई मंत्री गुरु रूद्र कुमार का निवास पदुम नगर के पास स्थित मानसरोवर कालोनी में है।‌ इससे पूर्व‌ भाजपा के आंदोलन को देखते हुए मुख्यमंत्री निवास से 500 मीटर के दायरे में एक दर्जन से भी अधिक बैरिकेडिंग की गई है। भिलाई 3 कालेज के पास से लेकर पदुम नगर गेट तक सर्विस रोड को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इस बीच बांस एवं बल्ली से घेरा, स्टापर एवं सड़क पर लोहे की शीट का घेरा लगा दिया गया है। पुलिस द्वारा फायर बिग्रेड की गाड़ियां एवं वाटर कैनन वाहन को भी लगाया गया है।
पदुमनगर गेट के पास सर्विस रोड को पुलिस ने पूरी तरह बंद कर दिया है, इस सर्विस रोड का उपयोग स्थानीय लोग करते हैं। सर्विस रोड पर चरोदा के बाद सीधे सिरसा गेट चौक पर ही रोड पार करने के लिए व्यवस्था है। ऐसे में चरोदा से पदुम नगर तक आने वाले लोगों को पुलिस द्वारा यहां से वापस चरोदा भेजा जा रहा है। सीएम आवास कूच से पहले भाजपाइयों द्वारा पहले मंगल भवन के पास आमसभा की गई, उसके बाद घेराव के लिए दुर्ग सांसद विजय बघेल, प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा ,भिलाई भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश बिचपुरिया, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अमित मिश्रा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष स्वीटी कौशिक हजारों कार्यकर्ताओं के साथ सीएम आवास की ओर निकले। सभी को भिलाई-3 कालेज के पास पुलिस ने रोक दिया है। यहां तकरीबन एक घंटे से रोक लिए गए भाजपाई जम कर नारेबाजी की । चंद मिनट पूर्व प्रदर्शनकारियों से पुलिस की झड़प की भी खबर मिली है। पूरा क्षेत्र छावनी में‌ तब्दील हो गया है।