0 एटीएम में भी किया था चोरी का प्रयास
दुर्ग । सीएसपी दुर्ग ने 27-28 की दरमियानी रात्रि गश्त के दौरान घटना के डेढ़ घंटे बाद ही बाइक चोर को धर दबोचा। दोनों ही बाइक चोरों के द्वारा एटीएम में भी चोरी करने का असफल प्रयास किया गया था। आरोपी के पास से एक बाइक एवं एटीएम में चोरी के लिए प्रयुक्त रोड तथा एक चाकू भी जप्त किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित झा ने बताया कि कल रात को दुर्ग नगर पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला 27 -28 जुलाई की दरमियानी रात गश्त में थे।उनकी नजर दो संदिग्ध युवकों पर पड़ी जो पुलिस की गाड़ी को देखकर छुपने का प्रयास कर रहे थे। ऐसे में गाड़ी रोक कर उनसे पूछताछ का का प्रयास किया गया परंतु वे भागने लगे जिस पर दोनों संदिग्धों को आरक्षक युवराज सिंह एवम ड्राइवर राजेश सिन्हा के साथ दौड़ाकर सीएसपी द्वारा पकड़ा गया। पूछताछ करने पर पुलिस को दोनों गुमराह करने की कोशिश कर रहे थे। संदेह होने पर आसपास सर्च किया गया थोड़ी दूरी पर एक मोटरसाइकिल बरामद हुई जिसे वे चोरी कर अपने साथ लाये थे। साथ ही उनके पास से एक रॉड तथा एक छोटा चाकू भी बरामद हुआ। पूछताछ करने पर उक्त अपराधियों ने स्वीकार किया कि यह मोटरसाइकिल वे अस्पताल वार्ड दुर्ग स्थित मकान के सामने से करीब डेढ़ घंटे पहले चोरी किए हैं। वहां से निकलकर दीपक नगर स्थित एटीएम में भी चोरी करने का प्रयास उनके द्वारा किया गया है। अस्पताल वार्ड निवासी प्रार्थी प्रकाश साहू की शिकायत पर दुर्ग थाना में अपराध क्रमांक 499 /20 धारा 379 IPC दर्ज किया गया एवम
आरोपी सागर उर्फ तेज कुमार पिता मानक चंद ढीमर उम्र 20 वर्ष साकिन रामनगर उरला एवं प्रहलाद यादव पिता खेमचंद यादव 19 वर्ष साकिन चंडीमंदिर मठपारा दुर्ग को गिरफ्तार किया गया है। पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 07 एटी 1186 कीमती 25000 रुपए जप्त की गई। उक्त दोनों अपराधियों के खिलाफ पूर्व में भी 3 आपराधिक मामले दर्ज है।
