रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर लिमतरा के पास संजारी नवागांव के पास सर्विस रोड बनाए जाने की मांग

भाटापारा। रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर लिमतरा के पास संजारी नवागांव के पास सर्विस रोड बनाए जाने की मांग शुरू से की जा रही है। इस मामले में अनेकों बार विभिन्न संगठनों के द्वारा मांग की जा चुकी है। साथ ही समाचार पत्रों में भी समय-समय पर इसकी मांग उठती रही है। अब भाटापारा कृषि उपज मंडी के अध्यक्ष सुशील शर्मा ने भी इस जगह पर सर्विस रोड बनाए जाने की मांग पूरी ताकत से की है। सुशील शर्मा ने यहां पर सर्विस रोड नहीं बनाए जाने पर तत्कालीन भारतीय जनता पार्टी की सरकार को दोषी करार दिया है। सुशील शर्मा ने इस पूरे मामले में जिला कलेक्टर को इस संदर्भ में एक ज्ञापन सौंपा है और यहां पर सर्विस रोड बनाए जाने की मांग की है। जिला कलेक्टर को दिए अपने ज्ञापन में सुशील शर्मा ने लिखा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग में सर्विस रोड नहीं बनाए जाने से सड़क मार्ग से यात्रा करने वाले को लगभग 3 किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ता है। साथ ही विपरीत दिशा से रोड क्रॉस करने की वजह से हमेशा ही दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। अपने पत्र में सुशील शर्मा ने लिखा है कि अभी तक 8 से 10 दुर्घटनाएं घट चुकी है। साथ ही उन्होंने पत्र में लिखा है कि भाटापारा कृषि उपज मंडी छत्तीसगढ़ की कृषि उपज मंडियों में से एक प्रमुख मंडी है। फलस्वरुप किसानों को और अन्य लोगों को भाटापारा आने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। आगे पत्र में सुशील शर्मा ने लिखा है कि रायपुर से बिलासपुर के बीच पड़ने वाले अधिकांश गांव में सर्विस रोड बनाई गई है। केवल लिमतरा संजारी नवागांव के पास सर्विस रोड नहीं बनाई गई है। इसके अतिरिक्त यहां पर भाटापारा के नाम से संकेतक बोर्ड भी ठीक तरीके से नहीं लगाया गया है। अतः जनहित में यहां पर सर्विस रोड बनाया जाना अति आवश्यक है। सुशील शर्मा ने इस ज्ञापन की प्रतिलिपि खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, प्रोजेक्ट निर्देशक राष्ट्रीय राजमार्ग बिलासपुर छत्तीसगढ़ एवं अनुविभागीय अधिकारी लोक निर्माण विभाग को भी भेजी है। बता दें कि यहां पर सर्विस रोड का बनाया जाना अति आवश्यक है लोगों में सर्विस रोड नहीं बनाए जाने से काफी आक्रोश है।

सर्विस रोड बनाने के लिए कलेक्टर ने भी लिखा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के क्षेत्रीय अधिकारी को पत्र

जिला कलेक्टर रजत बंसल ने भी कृषि उपज मंडी के अध्यक्ष सुशील शर्मा के ज्ञापन मिलने के बाद सर्विस रोड बनाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के क्षेत्रीय अधिकारी को पत्र लिखकर यथाशीघ्र सड़क बनाए जाने के लिए करवाई करने के लिए कहा है। जिला कलेक्टर ने अपने पत्र में लिखा है कि भाटापारा से रायपुर-बिलासपुर जाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग बायपास वर्तमान में नहीं है। जिसके कारण भाटापारा एवं आसपास के यात्रियों को 3 किलोमीटर आने एवं जाने में अतिरिक्त सफर करना पड़ता है और इसके लिए अतिरिक्त समय लगता भी है। इसके साथ ही विपरीत दिशा से क्रॉसिंग होने के कारण दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है। जिला कलेक्टर ने अपने पत्र में लिखा है कि लिमतरा के समीप बायपास निर्माण ना होने के कारण यात्रियों को आने-जाने में काफी परेशानियां होती है। इन सब बातों को देखते हुए यहां पर बायपास सड़क निर्माण किया जाना आवश्यक है।