छपरा/ पटना। शराबबंदी वाले बिहार में जहरीली शराब का कहर एक बार फिर देखने को मिला है। छपरा में संदिग्ध हालत में अब तक 21 लोगों की मौत हो गई है। स्थानीय लोागें का कहना है कि जहरीली शराब पीने से ही इन लोगों की मौत हुई है। कई लोगों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। मामला मशरक व सीमावर्ती इसुआपुर थाना क्षेत्र के डोइला गांव और अमनौर के सुदामा मोड़ के पास का है। वहीं इस मामले को लेकर विपक्ष ने नीतीश सरकार पर हमला बोल दिया है। पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की जानकारी मिलेगी। परिजन जहां इस हादसे के पीछे जहरीली शराब को बता रहे है, वहीं, प्रशासन ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
दूसरी ओर बिहार विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन बुधवार को बीजेपी विधायकों ने छपरा में जहरीली शराब से हुई मौत के मामले को लेकर विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान बिहार सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की।
विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष सम्राट चौधरी ने छपरा की इस घटना पर कहा कि नीतीश कुमार और बिहार सरकार जहरीली शराब बिहार में बिकवा रही है। छपरा में जितने लोग मरे हैं उनके परिजनों से कहना चाहता हूं कि नीतीश के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएं।
