सुभाष बाजार पुराना गंज के पास सार्वजनिक  मूत्रालय बनाए जाने की मांग की 

भाटापारा। सुभाष बाजार पुराना गंज के पास के दुकानदारों ने नगर पालिका परिषद भाटापारा से वहां आसपास मूत्रालय बनाए जाने की मांग की है। यहां पर मूत्रालय की अति आवश्यकता है यहां पर काफी बड़ी संख्या में दुकानें हैं। साथ ही मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत बनी सभी दुकानों में लोगों का आना जाना बड़ी संख्या में होता है, परंतु यहां पर कहीं पर भी आसपास सार्वजनिक मूत्रालय की व्यवस्था नहीं होने से लोगों को बेहद ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लोग पुराना गंज सभा स्थल के अंदर जाकर गंदगी फैलाते हैं। पिछले कुछ दिनों से नगरपालिका ने पुराना गंज सभा स्थल के मेन गेट में ताला लगा दिया है, जिससे लोग वहां पर नहीं जा पा रहे हैं। परंतु उसके लिए कोई व्यवस्था नगर पालिका की ओर से अलग से नहीं की गई है। वार्ड के पार्षद आशीष पुरोहित ने भी मुख्य नगरपालिका अधिकारी लाल अजय बहादुर सिंह से मुलाकात करके यहां पर सार्वजनिक मूत्रालय बनाए जाने की मांग रखी है, परंतु अभी तक इस दिशा में नगरपालिका ने कोई रुचि नहीं दिखाई है जबकि इसकी नितांत आवश्यकता है। सार्वजनिक मंत्रालय के अभाव की वजह से आसपास गंदगी का माहौल बना रहता है। मामले में मुख्य नगरपालिका अधिकारी से संपर्क करने की कोशिश की गई किंतु उनसे बात नहीं हो पाई।
सार्वजनिक मूत्रालय की मांग 
पुराना गंज और सुभाष बाजार के पास सार्वजनिक मूत्रालय की नितांत आवश्यकता है। इस संदर्भ में मैंने मुख्य नगरपालिका अधिकारी से मिलकर  सार्वजनिक मूत्रालय बनाने की मांग रखी है।
आशीष पुरोहित
पार्षद शंकर वार्ड भाटापारा