शिवनाथ नदी उफान पर ,खतरे के निशान से 2 मीटर ऊपर, 3 बैराज से छोड़ा जा रहा 62 हजार क्यूसेक पानी, जलस्तर बढ़ने से बने बाढ़ के हालात

दुर्ग। लगातार हो रही अति वर्षा के कारण शिवनाथ नदी उफान पर है । बाढ़ के हालात बन गए हैं महमरा एनीकट 12 फीट ऊपर से बह रहा है शिवनाथ नदी खतरे के निशान से 2 मीटर ऊपर बह रही है। शिवनाथ नदी में तीन बैराज से लगातार 62 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है । नदी से लगे हजारों एकड़ खेत में पानी घुस गया है नदी से लगे गांव में अलर्ट जारी कर दिया गया है। जल संसाधन विभाग ने नदी का जलस्तर और भी बढ़ने की संभावना व्यक्त की है।
जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री सुरेश पांडे ने बताया कि जिले में हो रही अति वर्षा के बाद शिवनाथ नदी में केचमेंट एरिया एवं तीन बैराज से लगातार 62000 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नदी के जल स्तर के और भी अधिक बढ़ने की संभावना बनी हुई है।

शिवनाथ नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 2 मीटर ऊपर

श्री पांडे ने बताया कि शिवनाथ नदी का जलस्तर भारी बारिश के बाद लगातार बढ़ रहा है। आसपास के तीन बैराज में मोगरा जलाशय से 45000 क्यूसेक घुमरिया जलाशय से 4500 क्यूसेक एवं सूखा नाला से 12500 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। जिसके कारण नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नदी खतरे के निशान से 2 मीटर ऊपर बह रही है । उन्होंने बताया कि महमरा एनीकट मैं 12 फीट ऊंचाई से पानी बह रहा है। नदी के बढ़ते जल स्तर को ध्यान में रखते हुए नदी किनारे से लगे गांवों में मुनादी कराकर नदी के समीप नहीं आने की चेतावनी दी गई है।

हजारों एकड़ खेत डूबे

कार्यपालन यंत्री सुरेश पांडे ने बताया कि नदी के जलस्तर बढ़ने के कारण नदी किनारे से लगे हजारों एकड़ खेतों में पानी घुस गया है उन्होंने बताया कि दुर्ग ब्लॉक एवं धमधा ब्लॉक के हजारों एकड़ खेतों डूब गए हैं। नदी का पानी खेतों में घुस जाने से फसल भी डूब गई है जिसके कारण किसानों को नुकसान होने की संभावना है।महमरा एनीकट में पुलिस तैनात

खतरे के निशान से ऊपर बह रही शिवनाथ नदी एवं महामरा एनीकट में किसी भी प्रकार से अनहोनी को ध्यान में रखते हुए दुर्ग पुलिस द्वारा बल की तैनाती की गई है । महमरा एनीकट मार्ग के पूर्व तैनात पुलिस बल के द्वारा लोगों को जाने से पहले समझाइश दी जा रही है। साथ ही रोका जा रहा है ताकि किसी भी अप्रिय वारदात से बचा जा सके।