प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर भाजपा हुई मुखर; हंगामा 

     *  सभापति ने किया स्थगन अग्राह्य, विपक्ष ने की नारेबाजी 
     *  पांच मिनट के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित
रायपुर/  आज सदन में शून्यकाल में भाजपा ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। यह आरोप लगाया कि सरकार की पकड़ प्रदेश के क़ानून व्यवस्था पर लगभग समाप्त सी हो गई है। इसी कारण हत्याएं,लूट,चोरी,घातक हमले जैसी घटनाएं लगभग रोज घटित हो रही है। पुलिस का भय अपराधियों को है ही नहीं। स्थिति दिन ब दिन बिगड़ती ही जा रही आई। कल ही नाबालिक लड़की ने एक मूक बधिर युवक की सरे राह हत्या कर दी। अपराधों में वृद्धि होती जा रही है,नियंत्रण नहीं हो रहा है। सरकार सिर्फ समीक्षा बैठक तक सीमित है। इन बैठकों का भी कोई असर पड़ रहा हो ऐसा प्रदेश में कहीं नजर नहीं आ रहा है। स्थगन की सूचना देने का उल्लेख करते हुए विपक्ष ने उसे ग्राह्य करने का अनुरोध आसन्दी से किया। आसन्दी पर आसीन सभापति सत्यनारायण शर्मा ने स्थगन को अस्वीकार करने जानकारी सदन कोड़ी। विपक्ष हंगामा व नारेबाजी करने लगा। सभापति ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव में आपको पर्याप्त समय मिलेगा उसमे बोलियेगा। सदन 5 मिनट केलिए स्थगित किया गया।
                     शून्यकाल में भाटापारा के विधायक शिवरतन शर्मा ने मुख्य मार्ग पर कल हुई हत्या की घटना का उल्लेख करते हुए कानून व्यवस्था के बिगड़े हालात की जानकारी सदन में दी। उन्होंने कहा कि छतीसगढ़ चाकूबाजी की घटना के लिए देश में कुख्यात श्रेणी में आ गया है। प्रदेश भर में हालात बदतर होते जा रहे हैं। रायपुर दक्षिण के विधायक पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि रायपुर का नाम चाकूपुर बोला जाने लगा है। यह अच्छा नहीं है। दिल्ली में निर्भया कांड होता है तो देश भर में उसकी गूंज होती है। यहां प्रदेश में रोज ऐसी घटनाएं घट रही हैं। सरकार की कहीं कोई धमक नहीं दिखाई देती। बाहर से अपराधी आते हैं और अपराध करके भाग भी जाते हैं। अपराधियों में खौफ नहीं होगा तो हाल और बुरे होंगें। इस पर सिहावा नगरी विधायक लक्ष्मी ध्रुव ने कहा कि आपके राज में भी तो झलियामारी कांड हुआ था,आपने क्या किया था। चाम्पा -जांजगीर के विधायक नारायण चंदेल ने अपने क्षेत्र में हुई घटनाओं का उल्लेख किया। कहा अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। अजय चंद्राकर ने कहा मेरा कहना यह है कि कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ी नहीं है , बल्कि लगभग समाप्त हो गई है। कल्याणकारी राज्य की कल्पना ही समाप्त हो गई है।सवेदनशीलता की बात सरकार बहुत करती है,जबकि इसकी सोच ही खत्म हो गई है। अब तो अपराधियों को कोई भय ही नहीं है। अब बड़े होटलों भी बड़े सेक्स रैकेट चलाने लगे हैं। कल ही लड़कियां बरामद की गई हैं। ब्लैक मेल -लूट- की नई संस्कृति पनप रही है। सरकार को इस्तीफा दे देना चाहिये। कोयला-लोहा चोरी तो चल ही रही थी। अब तो चलती गाड़ियों से डीजल की चोरी भी होने लगी है। इसके लिए रेत-माफिया ,भू-माफिया की तरह ही माफिया काम कर रहा है। कोई खौफ नहीं है। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री,अधिकारी की समीक्षा बैठकों का भी कोई असर नहीं हो रहा है। योगी आदित्यनाथ की कडाई से डरे अपराधी छतीसगढ़ में शरण पा रहे हैं।  ननकी राम कंवर ने एक कदम आगे जा कर आरोप लगाए। कहा हर क्षेत्र में अपराध बढ़ रहे हैं। ट्रक चोरी तक होने लगी हैं।  क्या ऐसे ही नवा छत्तीसगढ़ बनाएंगें।सभापति ने सबकी बात सुनने के बाद सभापति धनेंद्र साहू ने स्थगन को अस्वीकार कर दिया। शिवरतन ने कहा कि यहां नहीं होगी तो चर्चा कहाँ होगी। भाजपा के सदस्य हंगामा करते हुए नारेबाजी करने लगे। सभापति ने कहा कि आपको अविश्वास प्रस्ताव में काफी समय मिलेगा उसमें अपनी बात रखियेगा। हंगामा देखकर सभापति ने 5 मिनट के लिए सभा की कार्यवाही स्थगित कर दी।