एम्स में द्वितीय वार्षिक ब्रेन ट्यूमर सिम्पोसियम का आयोजन,  कार्यक्रम में ब्रेन ट्यूमर के लक्षणों और उनके चिकित्सकीय उपायों के निदान पर प्रकाश डाला गया

रायपुर। विश्व ब्रेन ट्यूमर दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायपुर के लेक्चर हाॅल में स्नायु शल्य चिकित्सा विभाग के तत्वावधान में द्वितीय वार्षिक ब्रेन ट्यूमर सिम्पोसियम का आयोजन किया गया। गौरतलब है कि हर वर्ष 8 जून को विश्व ब्रेन ट्यूमर दिवस का आयोजन किया जाता हैं।
उक्त कार्यक्रम में प्रदेश के सभी प्रमुख संस्थानों के न्यूरोसर्जरी विभाग के विभाग के प्रमुख इस कार्यक्रम में सहभागी बने एवं स्नायु शल्य चिकित्सा पद्धति के माध्यम से ब्रेन ट्यूमर के लक्षणों और उनके चिकित्सकीय उपायों के निदान पर विशेष तौर से प्रकाश डाला।
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर के स्नायु शल्य चिकित्सा विभाग के प्रमुख डाॅ अनिल कुमार शर्मा ने इस अवसर कहा कि ब्रेन ट्यूमर से घबराने की जरूरत नहीं हैं। सही वक्त पर चिकित्सकीय लाभ लेने से इस बीमारी का निदान संभव हैं। उन्होंने इस अवसर पर पूर्व में आपरेशन किए मरीजों का अनुभव भी साझा किए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर छत्तीसगढ़ के निदेशक एवं सीईओ प्रोफेसर डॉ नितिन मधुसूदन नागरकर की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर डाॅ नागरकर ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में विभाग के द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यो की भूरि भूरि प्रशंसा करते हुए डाॅ अनिल कुमार शर्मा के नेतृत्व में विभाग के आयोजन की सराहना की एवं उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।