दुर्ग। भिलाई इस्पात संयंत्र के एसएमएस 2 के कनवर्टर शॉप 1 में आज दोपहर को लॉन्सिंग पाइप लगाते समय हुए हादसे में एक ठेका श्रमिक की मौत हो गई। बीएसपी में लगातार दुर्घटना होने का सिलसिला जारी है। जिसके कारण समस्त यूनियन के द्वारा आक्रोश व्यक्त किया गया है।
संयंत्र सूत्रों के मुताबिक आज दोपहर को स्टील मेल्टिंग शॉप 2 के कनवर्टर शॉप 1 में लॉन्सिंग पाइप को बदलने का काम चल रहा था इसके लिए लॉन्सिंग पाइप को क्रेन की मदद से चेन के माध्यम से ऊपर उठाया गया था परंतु चेन टूटने से पाइप नीचे कार्य कर रहे मजदूर अर्जुन साहू के सिर पर गिर गया । इस हादसे में लहूलुहान अर्जुन साहू को इलाज के लिए मेडिकल पोस्ट ले जाया गया जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया अर्जुन साहू पिता पूनम साहू 42 वर्ष अर्ध कुशल श्रमिक था। ठेका कंपनी एम जे इंटरप्राइजेस का कर्मचारी था। बजरंग चौक डुंडेरा का रहने वाला था। संयंत्र के भीतर लगातार हादसों का सिलसिला जारी है।
दुर्घटनाओं पर यूनियन ने किया आक्रोश व्यक्त
इन दुर्घटनाओं को लेकर के यूनियन के द्वारा आक्रोश व्यक्त किया गया है। भिलाई इस्पात संयंत्र सहित सेल के विभिन्न इकाइयों में पिछले कुछ दिनों से दुर्घटनाओं में आई वृद्धि को लेकर स्टील वर्कर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (इस्पात उद्योग में सीटू संबंद्धित यूनियनों एवं स्वतंत्र यूनियनों का फेडरेशन) काफी गंभीर है । दुर्घटनाओं में अचानक आई इस वृद्धि के कारणों को जानने एवं रोकने हेतु प्रबंधन से आवश्यक उपाय की मांग करने के लिए सभी इकाइयों के दुर्घटना स्थलों का दौरा करने का निर्णय लिया ।
