जशपुर। जिले में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हाथी मानव द्वंद की वजह से लोगों की जान जा रही है। ताजा मामला मंगलवार की सुबह का है। जब जंगली हाथी के हमले में दो लोगों की मौत हो गई है। मृतको में एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं। घटना जिले के कुनकुरी वनपरिक्षेत्र की है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार कुनकुरी थाना क्षेत्र के ग्राम कंडोरा निवासी त्रिलोचन यादव मंगलवार की सुबह अपने घर के पास स्थित लीची बगान में घूम रहे थे। इसी दौरान बगान में घुस आए हाथी ने उन पर हमला कर दिया। घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना कुनकुरी वन परिक्षेत्र के ही ग्राम जामचुवा की है। यहां शौच के लिए घर से बाहर निकली 62 वर्षीय वृद्ध महिला सनियारो बाई को हाथियों ने कुचल कर मार डाला। आप को बता दें कि कुनकुरी वन परिक्षेत्र में इस समय 5 दल में 45 हाथी विचरण कर रहे हैं। इस इलाके में बीते 15 दिन में हाथियों के हमले की तीन अलग अलग घटनाओं में 4 लोगों की फ़ोत हो चुकी है। डीएफओ जितेंद्र उपाध्याय ने बताया कि अभी मखना हाथी घूम रहे हैं। जो हाथी वयस्क हो चुके हैं उन्हें मखना हाथी कहा जाता है जो मदकाल में होने के कारण दल से निकाले हुए हैं । ये काफी आक्रामक होते हैं और इंसानों द्वारा खदेड़े जाने से उनपर हमला करते हैं। 3 गश्ती दल हाथी विचरण क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग कर रहे हैं। हाथियों के बढ़ते हमलों को देखते हुए अब 3 और पेट्रोलिंग टीम तैयार की गई है। वहीं कटहल पकने के कारण हाथियों का दल गांव में घुस रहे हैं। जिसको लेकर भी वन विभाग अब ग्रामीणों से कटहल तोड़कर उसे गड्ढों में डालने की अपील कर रहा है।
वही ग्राम कंडोरा में त्रिलोचन यादव की हाथियों क़े हमले में हुई मौत पर संसदीय सचिव यू डी मिंज ने अपनी संवेदना व्यक्त किया है. संसदीय सचिव यू डी मिंज ने कहा कि स्व त्रिलोचन यादव की मृत्यु समाज क़े लिए अपूरणीय क्षति है और मेरे लिये यह व्यक्तिगत नुकसान है. उन्होंने कहा कि स्व त्रिलोचन यादव से बहुत ही आत्मीय संबंध रहे है और वो मेरे मार्गदर्शक क़े रूप में सदैव मुझे सलाह और आशीर्वाद देते रहे हैं. उनके निधन पर संवेदना व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ. उन्होंने कहा कि हाथियों के बढ़ते हमलों और लगातार हो रही इंसानी मौतों पर चिंताजनक है. यू.डी. मिंज ने लोगों से अपील की है कि हाथियों के पीछे न दौड़ें,उन्हें ना छेड़ें. उन्होंने बताया कि हाथियों के पीछे ग्रामीणों की भीड़ को रोकने के लिए डीएफओ ने पुलिस अधीक्षक से पुलिस बल मांगी है। जिस पर एसपी राजेश अग्रवाल ने पुलिस बल देने की सहमति दी है।
