यूपीएससी सिविल सर्विस परीक्षा के परिणाम घोषित, छत्तीसगढ़ से श्रद्धा शुक्ला, अक्षय पिल्ले, प्रखर व अभिषेक का चयन- कांग्रेस नेता सुशील आनंद शुक्ला की बेटी हैं श्रध्दा शुक्ला 

 

0 मुख्यमंत्री ने दी बधाई और शुभकामनाएं
रायपुर। यूपीएससी सिविल सर्विस का रिजल्ट आ गया है। इस बार मेरिट लिस्ट में फिर से लड़कियों ने बाजी मारी है। छत्तीसगढ़ से भी इस बार यूपीएससी में कामयाबी का डंका बजा है। कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन सुशील आनंद शुक्ला की बेटी श्रद्धा शुक्ला ने 45वीं रैंक हासिल की है। वहीं, आईएएस रेणु पिल्लै के बेटे अक्षय पिल्ले ने 51वीं रैंक हासिल की है।  आईएएस उमेश अग्रवाल के बेटे अभिषेक अग्रवाल भी  चयनित हुए हैं। अभिषेक को 254वीं रैंक मिली है। वहीं, छत्तीसगढ़ से एक और प्रतिभागी का चयन यूपीएससी में हुआ है। छत्तीसगढ़ के प्रखर चंद्राकर को 102वीं रैंक मिली है। प्रखर चंद्राकर ने रायपुर एनआईटी से इंजीनियरिंग की है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने यूपीएससी की परीक्षा में सफल सभी परीक्षार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं दी है।
यूपीएससी के रिजल्ट में लड़कियों का दबदबा रहा है. पहले स्थान पर श्रुति शर्मा के बाद दूसरे नंबर पर अंकिता अग्रवाल आई हैं. इसके बाद, गामिनी सिंगला को तीसरी रैंक मिली है. चौथे नंबर पर ऐश्वर्या वर्मा रहीं. पांचवीं रैंक उत्कर्ष द्विवेदी को मिली है. यक्ष चौधरी छठे नंबर पर रहे. आठवीं रैंक इशिता राठी, नौवीं रैंक प्रीतम कुमार और दसवीं रैंक हरकीरत सिंह रंधावा को हासिल हुई है.
यूपीएससी की परीक्षा में हर साल लाखों स्टूडेंट्स हिस्सा लेते हैं, जिनमें से कुछ ही उम्मीदवारों को सफलता हासिल होती है. यह सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक है. आयोग ने पांच अप्रैल से 26 मई के बीच में इंटरव्यू लिया था.

यूपीएससी द्वारा नियुक्ति के लिए कुल 685 उम्मीदवारों की सिफारिश की गई है. इनमें 244 सामान्य, 73 ईडब्ल्यूएस, 203 ओबीसी, 105 एससी और 60 एसटी वर्ग के उम्मीदवार शामिल हैं. बता दें कि सिविल सेवा की परीक्षाओं का आयोजन हर साल यूपीएससी द्वारा करवाया जाता है. तीन स्टेज- प्री, मेन और इंटरव्यू के बाद नतीजों का ऐलान किया जाता है. जो नतीजों में सफल होते हैं वे आईएएस, आईएफएस आदि जैसे अधिकारी बनते हैं.