*शिविर में 12 राज्यों के 210 स्वयं सेवक होंगे शामिल
रायपुर। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तहत कार्य करने वाले राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) के क्षेत्रीय निदेशालय (मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़), भोपाल द्वारा पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर के सहयोग से श्री रामचंद्र मिशन आश्रम, अमलेश्वर में 21 से 27 मई, 2022 तक सात दिवसीय राष्ट्रीय एकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है । शिविर का उद्घाटन, 21 मई, 2022 (शनिवार) को अपरान्ह: 4.00 बजे, छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुइया उइके करेंगी ।
इस सात दिवसीय राष्ट्रीय एकता शिविर में 12 राज्यों- गुजरात, तमिलनाडु, हरियाणा, तेलांगाना, आंध्र प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखण्ड, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ के 210 चयनित राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक एवं दल नायक भाग ले रहे हैं ।
शिविर के दौरान सांस्कृतिक गतिविधियाँ – पारंपरिक लोक-नृत्य,गायन,संगीत, चित्रकला, हस्तशिल्प और साहित्यिक गतिविधियों से संबंधित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियाँ आयोजित होंगी । शिविर में शैक्षणिक गतिविधियों के अन्तर्गत एक भारत श्रेष्ठ भारत, आत्म निर्भर भारत, लोकल फॉर वोकल, स्वच्छ भारत अमियान, महिला सशक्तिकरण और राष्ट्रीय एकता जैसे विभिन्न विषयों पर विभिन्न प्रतियोगिताएं – वाद विवाद प्रतियोगिता, पोस्टर, स्लोगन लेखन, निबंध लेखन प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी ।
