भाटापारा रेलवे स्टेशन में कोच डिस्प्ले बोर्ड बंद, यात्रियों को हो रही परेशानी

 

भाटापारा। भाटापारा रेलवे स्टेशन में काफी लंबे समय से कोच डिस्प्ले बोर्ड बंद पड़ा हुआ है, जिससे ट्रेन आने के समय यात्रियों को काफी ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को अपने कोच में चढ़ने के लिए इधर से उधर भागना पड़ता है। इसके पहले भी अनेकों बार समाचार के माध्यम से रेलवे को जगाने की कोशिश की गई परंतु ऐसा लगता है कि रेल विभाग कुम्भकर्णी निद्रा में सोया हुआ है। ऐसा नहीं है कि भाटापारा रेलवे स्टेशन में कोच डिस्प्ले बोर्ड खराब है इसकी जानकारी रेल विभाग को नहीं है। सभी को जानकारी होने के बावजूद विभाग के अधिकारी आंख मूंद कर बैठे हुए हैं। भाटापारा रेलवे स्टेशन को कोई भी सुविधा ठीक तरह से मुहैया रेलवे विभाग के द्वारा नहीं कराई जा रही है, जबकि भाटापारा रेलवे स्टेशन से रेलवे को काफी आए होती है। रायगढ़ से डोंगरगढ़ के बीच में भाटापारा रेलवे स्टेशन अपने आप में काफी बड़ा रेलवे स्टेशन है। यहां से काफी बड़ी संख्या में लोग आना-जाना करते हैं। रेल विभाग की इस प्रकार की अनदेखी से लोगों में काफी नाराजगी है। इस मामले में सांसद सुनील सोनी से भी बात करने की कोशिश की गई ताकि उन्हें यहां की समस्याओं से अवगत कराया जा सके, परंतु बात नहीं हो सकी।

सांसद, विधायक ध्यान दें

भाटापारा रेलवे स्टेशन से यात्रा करने वाले यात्रियों ने सांसद सुनील सोनी से एवं विधायक शिवरतन शर्मा से यह मांग की है कि वह इस मामले में विशेष रुप से ध्यान दें और यथाशीघ्र कोच डिस्प्ले बोर्ड को चालू करवाएं। यात्रियों का कहना है कि सांसद को भाटापारा रेलवे स्टेशन में व्याप्त समस्याओं को दूर कराने के लिए हमेशा सजग रहना चाहिए ।