छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 7 मार्च से,  9 को मुख्यमंत्री पेश करेंगें बजट

     
रायपुर /  छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र सोमवार 7 मार्च से शुरू होगा। सत्र के तीसरे दिन 9 मार्च को 12.30 बजे वित्त विभाग के भारसाधक  मंत्री के रूप में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बजट प्रस्तुत करेंगें। बजट पर सामान्य चर्चा 10 मार्च व विभागवार अनुदान की मांगों पर  11 से 23 मार्च तक चर्चा होगी। विनियोग विधेयक का पुरः स्थापन 23 मार्च को तथा उस पर विचार और पारण 24 मार्च को होगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने आज पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि बजट सत्र में इस बार प्रश्नों की सूचनाएं ऑनलाइन लेने व उनके उत्तर भी ऑनलाइन ही विभागों से प्राप्त करने तथा प्रश्नोत्तरी को मुद्रण के लिए मुद्रणालय भेजने की व्यवस्था भी ऑनलाइन ही की गई। यह विधानसभा के कार्यों में   पेपर लेस वर्किंग की ओर प्रारम्भिक कदम है। इस कदम को इस रूप सफलता भी मिली है। इस सत्र के लिए कुल प्राप्त 1682 प्रश्नों में से 1499 प्रश्न ऑनलाइन प्राप्त हुए, मुझे इस बात की खुशी है। सभी विधायकों ने इस पर रुचि का जो  प्रदर्शन किया वह प्रशसनीय है। विधानसभा सचिवालय व एनआईसी के जिन अधिकारियों व कर्मचारियों ने ऑनलाइन व्यवस्था केलिए बने वेब एप्लिकेशन में सहयोग किया है। उन्हें बधाई दी।
       डॉ. महंत ने बताया कि पंचम विधानसभा के तेरहवां सत्र सोमवार 7 मार्च से शुक्रवार 25 मार्च तक आहूत है। सत्र में अस्थाई तौर पर कुल तरह बैठकें होंगी। वर्ष के प्रथम सत्र में प्रथम दिवस संवैधानिक प्रावधान के अनुसार 7 मार्च को 11 बजे राज्यपाल महोदया का अभिभाषण होगा। अभिभाषण का सीधा प्रसारण दूरदर्शन व आकाशवाणी केंद्र द्वारा किया जाएगा। अभिभाषण पर कृतज्ञता ज्ञापन पर 8 मार्च को चर्चा होगी।  अभी तक सत्र हेतु  1682 प्रश्नों की सूचनाएं, तारांकित 854 व अतारांकित प्रश्नों की संख्या 828 है। ध्यानाकर्षण की 114 सूचनाएं , स्थगन की 10, सूचनाएं , शून्यकाल की 16 सूचनाएं,  नियम 139 की 4 सूचनाएं तथा 45 याचिका की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं।